राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। नवयुग मार्केट स्थित अखिल भारतीय साहित्य परिषद ने एक बैठक कर गाजियाबाद महानगर इकाई गठन कर उसके पदाधिकारियों की घोषणा की है। वरिष्ठ साहित्यकार डाक्टर रमा सिंह को महानगर अध्यक्ष मनोनीत किया गया है और एमके सेठ संरक्षक बनाए गए हैं।
सोमवार को आयोजित बैठक में प्रदेश अध्यक्ष (उत्तर प्रदेश) देवेन्द्र देव मिर्जापुरी, प्रदेश महासचिव डॉ चेतन आनंद और सचिव अरविन्द भाटी उपस्थित रहे। महानगर इकाई के जो अन्य पदाधिकारी मनोनीत किए गए हैं, उनमें वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार कुश, उपाध्यक्ष मीनाक्षी शर्मा मुसाफ़िर, सचिव अजीत श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष डाक्टर ज्योति उपाध्याय, संगठन सचिव नगेन्द्र सिशोदिया और सह सचिव श्रीमती गरिमा आर्या शामिल हैं।
संस्था ने रवीन्द्र कांत त्यागी, राधेश्याम मधुकर, सुनहरी लाल तुरंत, पी कुमार और सीए कुमार साहब को भी संरक्षक मंडल में शामिल किया है। इस अवसर पर श्रीमती सीमा सागर शर्मा और डाक्टर सुधीर त्यागी ने संस्था की सदस्यता ग्रहण की। सभी ने एकमत से संकल्प लिया कि संस्था हिन्दी और साहित्य के उत्थान के लिए अपना प्रयास जारी रखेगी। साथ ही इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए समय-समय पर जिले के शिक्षण संस्थानों में कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।
बैठक के दौरान काव्य गोष्ठी का भी आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित सभी रचनाकारों ने काव्य पाठ किया। कार्यक्रम में अजीत होम एप्लायंसेस की डायरेक्टर श्रीमती सुनंदा श्रीवास्तव उपस्थित रहीं।


Leave a Reply