फ्लोरेस हास्पिटल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

राष्ट्रीय जनोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। जी ब्लॉक प्रताप विहार सेक्टर 11 स्थित फ्लोरेस हास्पिटल द्वारा आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर बड़े हर्षोल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। अस्पताल के डायरेक्टर डॉ एम. के. सिंह ने सर्वप्रथम ध्वजारोहण किया। उसके बाद सेंटर हॉल में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन ने इस अवसर पर ब्रिटिश शासन से स्वाधीनता पाने के लिए स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा दिए गए बलिदान को याद किया। साथ ही लोगों से अपील की कि वे राज्य तथा देश को बीमारी से मुक्त बनाने का संकल्प लें।
सोमवार, 15 अगस्त को मनाए गए आजादी के पर्व ने पूरे अस्पताल को देशभक्ति से भर दिया। वंदे मातरम के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। अस्पताल का अधिकतर स्टॉफ देश भक्ति के गीतों पर बहुत देर तक झूमता-गाता रहा। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि श्रीमती कविता नौटियाल और संदीप मित्तल ने भी खूब आनंद लिया। क्या डाक्टर, क्या नर्सिंग स्टाफ और मरीजों के परिजन सभी आजादी के जश्न में डूबे दिखे। भारत माता की जय और हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे गूंजते रहे। खुद डॉ एम. के. सिंह पूरे कार्यक्रम में तिरंगा लहराते रहे। उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उसके बाद राष्ट्रगान और मिष्ठान वितरण के साथ ही कार्यक्रम का समापन कर दिया गया। इस मौके पर कई सामाजिक संस्थाओं के कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*