आयकर के छापे से कर्नाटक कांग्रेस के नेता परमेश्वर और जलप्पा की मुसीबत बढ़ी

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नई दिल्ली। आयकर विभाग की टीम ने कार्नाटक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व उप मुख्यमंत्री जी.परमेश्वर की संपत्तियों पर कथित रूप से उनके व परिजनों के स्वामित्व वाले शिक्षण संस्थानों के जरिए कर चोरी के मामले में छापेमारी की है। ये छापे गुरुवार को मारे गए और बेंगलुरू ग्रामीण में तुमाकुरु और नेलामांगला में परमेश्वर द्वारा संचालित सिद्धार्थ ग्रुप ऑफ एजुकेशन इंस्टीट्यूट में तलाशी व जब्ती अभियान चलाया गया। इसके अलावा कोलार और चिक्कबेलापुरा में वरिष्ठ कांग्रेस नेता आर.एल. जलप्पा के स्वामित्व वाले शैक्षणिक संस्थानों के कार्यालयों पर भी छापे मारे गए हैं।
लेकिन आयकर विभाग की जांच इकाई ने आधिकारिक रूप से छापे की पुष्टि नहीं की है। परमेश्वर ने यहां पत्रकारों से कहा कि उनके परिवार ने उन्हें सूचित किया है कि तुमाकुरु में उनके कार्यालयों और आवासों पर छापे मारे गए हैं। उन्होंने कन्नड़ में पत्रकारों से कहा, मुझे भी पता चला है कि आईटी अधिकारियों ने हमारे संस्थानों पर छापे मारे हैं। मुझे छापे से कोई आपत्ति नहीं है, क्योंकि वे किसी भी दस्तावेज का सत्यापन कर सकते हैं। उन्हें हमारे खिलाफ जांच करने दीजिए।
उल्लेखनीय है कि परमेश्वर 14 महीने तक चली जेडी (एस)-कांग्रेस गठबंधन सरकार में उप मुख्यमंत्री थे और वह छह वर्षों तक पार्टी के प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उधर छापे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने ट्वीट कर कहा, परमेश्वर, आर.एल. जलप्पा व अन्य के खिलाफ सिलसिलेवार आईटी छापे खराब इरादे के साथ राजनीति से प्रेरित हैं। वे केवल कर्नाटक कांग्रेस के नेताओं को निशाना बना रहे हैं, क्योंकि नीति व भ्रष्टाचार के मुद्दे पर वे हमारा सामना करने में विफल रहे हैं। हम इस तरह की रणनीति से हिम्मत नहीं हारेंगे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*