‘ऊपर-ऊपर क्या पढ़ लोगे, जीवन है अखबार नहीं है’ : शिव नारायण

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। साहित्यिक कार्यक्रम महफिल-ए-बारादरी में बतौर अध्यक्षीय संबोधन करते हुए सुप्रसिद्ध कवि और संपादक शिव नारायण ने कहा कि बारादरी में कवि और श्रोता के बीच जो रागात्मक तारतम्य दिखाई देता है, ऐसा संयोग दुर्लभ ही देखने को मिलता है। यहां सुनी रचनाओं ने काव्य जगत में आ रहे परिवर्तन से भी मेरा परिचय करवाया। एक ओर मंच पर जहां कविता की अस्मिता की निरंतर हानि हो रही है, वहीं ऐसे आयोजन कविता की आत्मा को अक्षुण बनाए रखने को तत्पर दिखाई देते हैं। उन्होंने अपने अशआर ‘गम क्या उपचार नहीं है, लोगों में किरदार नहीं है। ऊपर-ऊपर क्या पढ़ लोगे, जीवन है अखबार नहीं है। जो खुशियों पर ताला जड़ दे ऐसी भी सरकार नहीं है’ पर भरपूर दाद बटोरी।
रविवार, 06 नवंबर को सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आलोक ‘अविरल’ ने भी बारादरी जैसे आयोजन की तारीफ की। साथ ही अपने कलाम “तेरे मेरे दिल के बीच इक पुल होता था कच्चा सा…” पर भरपूर दाद बटोरी। अति विशिष्ट अतिथि बलराम ने कहा कि अदीबों की यह महफ़िल आने वाली नस्लों को बेहतर रूप से गढ़ने का काम कर रही है। जो हमें भविष्य के प्रति आश्वस्त करती है। विशिष्ट अतिथि अनिल ‘मीत’ की पंक्तियों “फैसला कर ही डालिए साहिब…” ने भी श्रोताओं का ध्यान खींचा।
बारादरी के अध्यक्ष गोविंद गुलशन ने फ़रमाया, ‘तमाम किस्से अभी तक उसी मलाल के हैं, हुजूर आप सही में बड़े कमाल के हैं। परिंदे ये जो उड़े हैं स्याह और सफेद, अगर ज़बान मैं खोलूं तो एक डाल के है।’ सुरेंद्र सिंघल ने अपने शेरों “धूप आंगन में मेरे आते हुए सीढ़ियां उतरी हिचकिचाते हुए, सुबह एहसान सा करती उतरी चांद निकला था मुंह चिढ़ाते हुए।” मासूम ग़ाज़ियाबादी ने कहा ‘आंधियों की ये इंसाफियां देखिए, ऊंचे महलों के फानूस जलते रहे, मुफलिसों के घरों से मेरे गांव में, सब चिरागों से ही रोशनी छीन ली। अपने बच्चों को रोते हुए छोड़ कर वो हवेली के बच्चे खिलाती तो है, भूख ने कितने बच्चों की तकदीर से लोरियों से भरी रात भी छीन ली।’
कार्यक्रम का संचालन अनिमेष शर्मा ने किया, जबकि शुभारंभ डॉ. तारा गुप्ता के मां सरस्वती को समर्पित दोहों से हुआ। इस अवसर पर योगेन्द्र दत्त शर्मा के शेर ‘ख़ुशबुओं से बच निकलने में ही अब तो ख़ैर है…’ पसंद किए गए। पटना से आई रूबी भूषण के शेर ‘उसने जो ग़म दिया सीने में छुपा रखा है…’ भी सराहे गए। नेहा वैद, इंद्रजीत सुकुमार और जे.पी. रावत के गीत श्रोत्राओं ने पसंद किए। सरवर हसन सरवर, पूनम ‘श्री’, डॉ. अमर पंकज, प्रेम सागर प्रेम, विपिन जैन, सुरेंद्र शर्मा, रूपा राजपूत, रिंकल शर्मा, मंजु ‘मन’, देवेन्द्र देव, आशीष मित्तल, प्रतिभा प्रीत व सिमरन आदि की रचनाएं भी भरपूर सराही गईं।
कार्यक्रम में सुभाष चंदर, आलोक यात्री, पत्रकार सुशील शर्मा, राष्ट्र वर्धन अरोड़ा, मजबूर गाजियाबादी, मुनीश बिलस्वी, दिनेश शर्मा, अशहर इब्राहिम, साजिद खान, तिलक राज अरोड़ा, वागीश शर्मा, अक्षयवर नाथ श्रीवास्तव, सत्य नारायण शर्मा, नीरज कौशिक, सोनी नीलू झा, टेकचंद, सौरभ कुमार, निखिल झा, वी. के. तिवारी, दीपा गर्ग, श्रीमंत मिश्रा, फरहत एवं गौरव गर्ग सहित बड़ी संख्या में श्रोता मौजूद थे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*