राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
बरेली। अधिवक्ता परिषद के तत्वावधान में बरेली कचहरी में एडवोकेट उपमेंद्र सक्सेना के संयोजन में बरेली-मुरादाबाद खंड स्नातक चुनाव में भाजपा से अपनी मजबूत दावेदारी कर चुके अधिवक्ता एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मनोज सक्सेना के समर्थन में एक जनसभा आयोजित की गई, जिसमें सभी अधिवक्ताओं ने एक स्वर से उनका समर्थन एवं पूर्ण सहयोग करने का संकल्प लिया। सभा की अध्यक्षता परिषद के संरक्षक पूरन लाल प्रजापति ने की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि मनोज सक्सेना का अधिवक्ता समाज ने जोर-शोर से स्वागत और अभिनंदन किया।
मनोज सक्सेना ने अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मैं आज आप लोगों के अपार समर्थन से गदगद हूं और सदैव जनता की सेवा में तत्पर रहूंगा। चूंकि मैं स्वयं एक अधिवक्ता हूं और अधिवक्ता समाज की समस्याओं से भलीभांति परिचित हूं, इसलिए वर्षों से लंबित अधिवक्ताओं की मांगों को पूरा कराने का अपने स्तर से हर संभव प्रयास करूंगा।
जिला अध्यक्ष अनुज कांत सक्सेना ने अधिवक्ता परिषद की ओर से बरेली मुरादाबाद खंड स्नातक चुनाव में अधिवक्ता मनोज सक्सेना को भाजपा द्वारा टिकट दिए जाने की मांग की और उन्हें पूर्ण समर्थन करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि हमारी वर्षों से मांग है कि स्नातक चुनाव में सिर्फ अधिवक्ताओं के लिए सीट आरक्षित होनी चाहिए। अधिवक्ता समाज वर्षों से दबे कुचले लोगों को न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाता रहा है पर आज यही समाज सबसे ज्यादा उपेक्षित है।
मंगलवार, 20 दिसंबर की जनसभा में उन्मुक्त संभव शील, अमित सक्सेना बिंदु, कुलदीप वर्मा, राकेश सक्सेना, आलोक सक्सेना, संदीप कुमार सिंह, श्याम दीप सक्सेना, एस.वी. तोमर, नरेश कश्यप, रतिराम, विनोद कनौजिया, कुंदु पाल सिंह आदि बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। संचालन आलोक प्रधान एडवोकेट ने किया।


Leave a Reply