
राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। मेरठ में आयोजित तीन दिवसीय नॉर्थ जोन सीबीएसई तीरंदाजी प्रतियोगिता में सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल के छात्रों ने व्यक्तिगत एवं टीम स्पर्धा में रिकॉर्ड मैडल हासिल किए। अनन्या यादव ने 4 गोल्ड के अलावा एक सिल्वर मेडल भी प्राप्त किया, जबकि रेवा यादव ने 2 गोल्ड और 2 सिल्वर मेडल हासिल किए। इसके अलावा स्कूल के छात्रों ने सोमवार से जन्मदिन पर निराश्रित गरीबों को भोजन कराने की परंपरा की शुरुआत की।
स्कूल के कोच शकील के अनुसार सत्यकाम इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित तीरंदाजी प्रतियोगिता में 11वीं कक्षा की छात्रा रेवा यादव ने 30 मीटर डिस्टेंस एवं इवेंट में 2 गोल्ड मैडल हासिल करने के साथ-साथ 40 मीटर डिस्टेंस एवं ओवरऑल प्रदर्शन में 2 सिल्वर मैडल हासिल किए। 10वीं के छात्र रिसाल यादव ने मिक्स टीम इवेंट में गोल्ड मैडल हासिल किया। 9वीं की छात्रा अनन्या यादव ने 40 मीटर डिस्टेंस, ओवर ऑल प्रदर्शन, संयुक्त टीम स्पर्धा एवं टीम इवेंट में 4 गोल्ड मैडल हासिल करने के साथ-साथ 30 मीटर डिस्टेंस स्पर्धा में सिल्वर मैडल कब्जाया।
11वीं की छात्रा महिमा यादव गोल्ड पर निशाना लगाने में सफल रही। 9वीं कक्षा की छात्रा दिव्यांजलि ने भी 50 मीटर डिस्टेंस में गोल्ड पर निशाना साधा। इन सभी विजेताओं के साथ 11वीं कक्षा के छात्र अजय राज सिंह का चयन राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए हुआ। स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. मंगला वैद ने सभी विजेता बच्चों के भविष्य की उज्जवल कामना करते हुए इसे जिले के लिए एक उपलब्धि बताया।
स्कूल में सोमवार, 14 अक्टूबर से एक नई परंपरा की शुरूआत की गई। डॉ. वैद के अनुसार स्कूल के बच्चों ने जन्मदिन पर निराश्रित लोगों को भोजन कराने का संकल्प लिया। जॉय ऑफ गिविंग की शुरुआत के तहत छात्रों ने वाइस प्रिंसीपल डॉ. वैद के नेतृत्व में प्रेरणा सेवा वृद्ध आश्रम में बुजुर्गों को भोजन कराकर उनके चेहरे पर मुस्कान बिखेरने की कोशिश की। डॉ. वैद के अनुसार जन्मदिन के मौके पर हर बच्चा यह संकल्प दोहराएगा।


Leave a Reply