महापौर को मुख्यमंत्री का निर्देश, विकास ही सफलता का माध्यम

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
लखनऊ। प्रदेश के नवनिर्वाचित सात महापौर मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर मिले और जीत का श्रेय उन्हें दिया। सीएम योगी ने सभी महापौरों को शुभकामनाएं दीं। साथ ही पीएम मोदी के विजन ‘आत्मनिर्भर भारत’ की तर्ज पर नगर निगमों को भी आत्मनिर्भर बनाने की सलाह देते हुए कहा कि विकास ही सफलता का माध्यम है। विकास के लिए पैसे की कमी नहीं है। विकास के जरिये आप परिवर्तन लाइए। सभी कार्यों में मानक और गुणवत्ता पर विशेष फोकस रखें।
सीएम योगी ने नगर निगमों की आय बढ़ाने से लेकर क्षेत्रीय समस्याओं के निस्तारण के साथ ही जनप्रतिनिधियों के समर्थन के साथ सभी मेयरों को नगर निगमों की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। आज मुख्यमंत्री से मिलने वालों में गाजियाबाद की मेयर सुनीता दयाल शामिल रहीं। सीएम योगी ने इस सभी से प्राथमिकता बनाकर कार्य करने को कहा है, जिससे हर वार्ड का समुचित विकास होगा। योगी ने सभी महापौरों को ‘कुछ अच्छा’ और ‘कुछ नया’ करने का सुझाव दिया है।
सीएम ने क्षेत्रीय समस्याओं के निस्तारण के प्रति सक्रिय और सजग रहने को कहा है। अंडरग्राउंड केबलिंग के कार्य को प्राथमिकता पर रखने के साथ ही कूड़ा प्रबंधन में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट, स्ट्रीट लाइट को भी तरजीह देने को कहा है। इसके अलावा शौचालय, सफाई, मेंटिनेंस, आवारा कुत्तों की समस्याओं के निराकरण, गोवंश को प्राथमिकता, सेफ सिटी और नगर निगम को ‘स्मार्ट’ बनाने पर विशेष जोर दिया।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*