राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। बढ़ते अपराध विशेष रूप से चेन स्नेचिंग, चोरी और लूट जैसी घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस कमिश्नर जे. रविन्द्र गौड़ के आदेश पर पूरे जनपद के सभी थानों में यह अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराधियों की पहचान, उनके वर्तमान पते और गतिविधियों का सत्यापन करना है, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सके।
रविवार को इसी क्रम में विजयनगर थाना प्रभारी कोतवाल शशि चौधरी के नेतृत्व में व्यापक स्तर पर सत्यापन कार्य किया गया। अभियान के तहत थाने क्षेत्र में दर्ज पुराने अपराधियों, चेन स्नेचिंग व चोरी के मामलों में शामिल लोगों को थाना विजयनगर बुलाया गया। उनके पहचान पत्र, पासपोर्ट, और हालिया फोटोग्राफ के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस ने सभी के विस्तृत रिकॉर्ड तैयार किए और उनके पते, मोबाइल नंबर व अन्य व्यक्तिगत विवरणों की जांच की।
कोतवाल शशि चौधरी ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि यह अभियान अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जो अपराधी या संदिग्ध व्यक्ति थाने में उपस्थित नहीं हुए हैं, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों की पहचान कर पुलिस उनके घर जाकर भी सत्यापन करेगी। इससे क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा सकेगी और भविष्य में अपराध की घटनाओं को रोका जा सकेगा।
उल्लेखनीय है कि पुलिस कमिश्नर जे. रविन्द्र गौड़ ने निर्देश दे रखे हैं कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र के अपराधियों का अद्यतन रिकॉर्ड तैयार रखना है। गाजियाबाद पुलिस का मानना है कि यह अभियान न केवल अपराधियों में भय पैदा करेगा बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना भी मजबूत करेगा। फिलहाल, शहर को अपराध मुक्त बनाने के प्रयास जारी हैं।


Leave a Reply