गाजियाबाद: गिले-शिकवे भुलाकर फिर एक हुए दंपती

राष्ट्रीय जनमोर्चा। संवाददाता
गाजियाबाद। पति-पत्नी के बीच आपसी मतभेद से बिगड़े रिश्तों को सुलह और संवाद के जरिए फिर से जोड़ने में गाजियाबाद महिला थाना परिवार परामर्श केंद्र ने सराहनीय भूमिका निभाई है। मंगलवार को आयोजित सुनवाई में एक ऐसे दम्पती के बीच मध्यस्थता कराई गई, जो काफी समय से विवाद के चलते अलग रह रहे थे। दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर बातचीत कराई गई और आपसी गिले-शिकवे दूर कराए गए।
आखिरकार परिवार परामर्श केंद्र की पहल लाई रंग, काउंसलिंग के बाद पति-पत्नी ने गिले-शिकवे भुलाकर फिर से एकसाथ रहने का संकल्प लिया है। इस मामले में प्रभारी पुष्पा सिंह और काउंसलर ज्योति सिंह ने दोनों पक्षों से विस्तार से बातचीत की और सबसे पहले विवाद की वजह को समझने का प्रयास किया। उसके बाद काउंसलिंग के दौरान दोनों को आपसी संवाद, विश्वास, सम्मान और परिवार की अहमियत समझाई गई। साथ ही विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने के लिए प्रेरित किया गया।
कई दौर की समझाइश और सकारात्मक बातचीत के बाद आखिरकार पति-पत्नी के बीच नाराजगी दूर हुई। दोनों ने एक-दूसरे की बात समझते हुए पुरानी बातों को पीछे छोड़कर साथ रहने पर सहमति जताई। इस तरह एक रिश्ते को फिर से नया जीवन जीने का मौका मिला है। एक परिवार टूटने से बच गया। केंद्र की प्रभावी काउंसलिंग ने यह संदेश भी दिया है कि संवाद और समझदारी से कई पारिवारिक विवादों का शांतिपूर्ण समाधान संभव है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*