नरेन्द्र भल्ला / राष्ट्रीय जनमोर्चा
बॉलीवुड के शहंशाह शाहरुख खान पिछले दिनों दुनिया के सबसे अमीर कलाकारों की सूची में शामिल हो गए हैं। करीब 33 साल के फिल्मी करियर के बाद, उनकी संपत्ति अब 1.4 अरब डॉलर (लगभग 12,490 करोड़ रुपये) हो चुकी है। पिछले साल ही खान ने अपनी जिंदगी के 59 बरस पूरे करते ही “स्मोकिंग” को अलविदा करने का ऐलान करके अपने बहुत सारे फैन्स को खुश कर दिया। दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले “फौजी” सीरियल से ऐक्टिंग की दुनिया में कदम रखने वाले इस शख्स ने बॉलीवुड की बुलंदी छूने के साथ ही कुछ ऐसा कमाल कर दिखाया कि उनका घर ‘मन्नत’ भी फैंस की चाहत का सबसे बड़ा केंद्र बन गया है।
मुंबई के बांद्रा के लैंड्सएंड में स्थित और तकरीबन 27 हज़ार वर्ग फुट में फैले आलीशान छह मंज़िला बंगला मन्नत की टैरेस पर खड़े होकर शाहरुख़ अपने जन्मदिन पर अक्सर हज़ारों फैन्स के हुजूम को सलाम करते हैं। लेकिन इस बंगले की दास्तान शायद कम लोग ही जानते हैं। करीब डेढ़ सौ साल पहले समंदर के ठीक सामने मंडी के 16वें राजा, राजा विजय सेन ने अपनी पत्नी के लिए यह आलीशान बंगला बनवाया था। तब इसका नाम ‘विला विएना’ रखा गया था।
उस दौर में यह मुंबई के सबसे खूबसूरत बंगलों में से एक था। विजय सेन के देहांत के बाद यह बंगला बंबई के कई अमीर बिजनेसमैन खरीदते-बेचते रहे। आखिर में 90 के दशक में यह बंगला इस दौर के सुपरस्टार शाहरुख खान के सपनों का घर बना। लेकिन इससे पहले यह कई फिल्मों में बड़े स्टार्स का घर बन चुका था।
दरअसल, शाहरुख़ का बंगला बनने से पहले इसे शूटिंग के तौर पर किराए पर दिया जाता था और कई विज्ञापन, टीवी सीरियल और फिल्में यहां शूट की गईं। इसके अलावा किसी भी फिल्म स्टार का ऐसा बंगला नहीं है, जो हिंदी सिनेमा की बेशुमार फिल्मों में नज़र आया हो।
इस तरह मिला एक नया मालिक :
साल 1991 में दिल्ली से बंबई पहुंचे शाहरुख़ ख़ान के पास शुरुआती दिनों में अपना घर नहीं था। वह कभी फ़िल्म निर्माता विवेक वासवानी के घर रहे तो कभी निर्देशक अज़ीज़ मिर्ज़ा के घर। फिर कामयाबी मिली और स्टार बने तो उन्होंने कार्टर रोड पर श्री अमृत अपार्टमेंट के सातवें फ्लोर पर एक फ्लैट खरीदा। यह मुंबई में उनका पहला घर था, लेकिन बढ़ते स्टारडम के साथ-साथ तमन्ना भी एक बड़े घर की थी। तकरीबन पांच साल बाद सपनों के घर का उनका ख़्वाब पूरा हुआ। सी-फेसिंग विला विएना को एक नया मालिक मिला। इस घर का नाम शाहरुख़ ने पहले ‘जन्नत’रखा था लेकिन कुछ वक्त बाद इसे बदल कर ‘मन्नत’कर दिया।
उन्होंने इस बंगले का कायाकल्प कर दिया :
शाहरुख़ ने दो साल पहले अपनी पत्नी की किताब ‘माई लाइफ इन डिजाइन’ के लॉन्च के मौके पर मीडिया को बताया था कि- “हम इसे ख़रीदने में कामयाब तो रहे, लेकिन हमें इसे फिर से बनाना पड़ा। क्योंकि यह काफ़ी टूटा हुआ था। तब हमारे पास इसे सजाने के लिए पैसे नहीं बचे थे। डिज़ाइनर जितने पैसे मांग रहा था वह इतना था कि उतना मैं एक महीने में कमाता था। फिर मैंने पत्नी गौरी से कहा कि तुम घर की डिजाइनर क्यों नहीं बन जाती। तो असल में, मन्नत की शुरुआत ऐसे ही हुई। इसलिए हमने उन वर्षों में जो भी पैसा कमाया, उससे हम घर के लिए छोटी-छोटी चीजें खरीदते रहे।”
आने वाले वर्षों में शाहरुख़ ने इस बंगले का कायाकल्प कर दिया और वहां जाने वाले इसकी भव्यता कभी भूल नहीं पाते। विंटेज और समकालीन डिजाइन समेटे इस ग्रेड थ्री हेरिटेज बंगले में 15 बेडरूम, जिम, स्विमिंग पूल, बॉक्सिंग रिंग, लाइब्रेरी और शाहरुख़ का ऑफिस भी है।
और कई मन्नतें पूरी हो गईं :
फिल्म इंडस्ट्री में मशहूर है कि विला विएना को ख़रीदने के बाद ही उनके जीवन में बेमिसाल कामयाबी आई। एक के बाद एक ब्लॉकबस्टर फिल्में- कभी खुशी कभी ग़म, देवदास, चलते चलते, कल हो ना हो, मैं हूं ना, वीर ज़ारा की कामयाबी ने उन्हें देश का सबसे बड़ा स्टार बना दिया। कहते हैं कि हर घर अपने साथ शायद नई क़िस्मत लेकर आता है। मन्नत ने भी शाहरुख-गौरी की कई मन्नतें पूरी कर दी थीं।
मुंबई इज़ माय होम :
साल 2016 में दिल्ली में एक इंटरव्यू के दौरान शाहरुख़ से सवाल पूछा गया था कि अपना घर अब भी दिल्ली को मानते हैं या मुंबई को? तब शाहरुख़ ने कहा था, “दिल्ली आता हूं तो सारी यादें वापस आ जाती हैं। मेरी आंखों में नमी आ जाती है। मगर अब “मुंबई इज़ माय होम” जहां मेरा खूबसूरत घर है।”


Leave a Reply