राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नई दिल्ली। हत्या के एक मामले में 4 मई से फरार चल रहे ओलंपिक मेडल विजेता और पहलवान सुशील कुमार को दिल्ली पुलिस ने आज रविवार की सुबह-सुबह गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ उसका एक साथी अजय भी पकड़ा गया है और यह गिरफ्तारी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली के मुंडका इलाके से उस समय की, जब वे दोनों कार छोड़कर स्कूटी पर सवार होकर किसी से मिलने जा रहे थे।
दिल्ली पुलिस ने सुशील कुमार (37) पर एक लाख और उसके साथी अजय पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इन दोनों की तलाश में दिल्ली पुलिस ने पंजाब के भटिंडा, मोहाली समेत कई राज्यों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। दिल्ली में भी कई ठिकानों पर छापेमारी की लेकिन ओलंपिक विजेता पहलवान लगातार किसी पेशेवर अपराधी की तरह पुलिस को चकमा देता रहा। वह अलग-अलग नंम्बरों से अपने करीबियों के संपर्क में था और इसके मद्देनजर दिल्ली पुलिस की कई टीमें पहलवान सुशील कुमार की तलाश में लगी हुई थीं।
उल्लेखनीय है कि ओलंपिक चैंपियन सुशील कुमार पर दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में पहलवान सागर राणा (23) की हत्या करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक लॉकडाउन के बावजूद पहलवान सुशील कुमार, लारेंस विश्नोई और काला जखेड़ी गैंग के बदमाशों को साथ में लेकर स्टेडियम में दाखिल हुए, जहां एक रेसलरों के दूसरे पक्ष से उनकी मारपीट हुई। इस दौरान रेसलर सागर राणा की मौत हो गई। सुशील कुमार पर अपहरण, हत्या, ग़ैर इरादतन हत्या और अन्य धाराओं में एफ़आईआर दर्ज कर दिल्ली पुलिस सुशील को लगातार तलाश रही थी। वह तलाश आज रविवार की सुबह खत्म हुई। इंस्पेक्टर शिवकुमार और इंस्पेक्टर कर्मबीर के नेतृत्व वाली स्पेशल सेल ने सुशील कुमार को दिल्ली के मुंडका से उसके साथी के साथ गिरफ्तार कर लिया। स्पेशल सेल की इस टीम का नेतृत्व एसीपी अत्तर सिंह कर रहे थे।


Leave a Reply