प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का किया उद्घाटन

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शनिवार को नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का उद्घाटन करने के साथ ही करीब 25 वर्षों के बाद आसमान से जुड़ने का नोएडा का सपना पूरा हो गया। इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा, “पश्चिम यूपी की जनता को इस एयरपोर्ट के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं। आज का यह कार्यक्रम भारत के नए मिजाज का प्रतीक है।”
मोदी ने कहा, “आज मेरे लिए गर्व और प्रसन्नता के दो कारण हैं। इस एयरपोर्ट का शिलान्यास भी आप सबने मुझे दिया था और आप सबने इस एयरपोर्ट के उद्घाटन का सौभाग्य भी मुझे दिया। मैंने इस सौभाग्य को आपके साथ बांट दिया और आपके हाथों इसका उद्घाटन करा दिया।“ उन्होंने कहा, “जिस यूपी ने मुझे अपना प्रतिनिधि चुना, जिस यूपी ने मुझे सांसद बनाया। उस यूपी की पहचान के साथ, इस भव्य एयरपोर्ट का नाम भी जुड़ गया है।”
पीएम मोदी ने कहा, “ साथियों, इस एयरपोर्ट से आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, इटावा, बुलंदशहर, फरीदाबाद इस पूरे क्षेत्र को बहुत बड़ा लाभ होने वाला है। हिंदुस्तान और यूपी का तो होना ही होना है, यह एयरपोर्ट पश्चिम यूपी के किसानों, छोटे और लघु उद्योगों और भारत के नौवजानों के लिए अनेक अवसर देने वाला है। यहां से दुनिया के लिए विमान तो उड़ेंगे ही, साथ ही यह विकसित उत्तर प्रदेश की उड़ान का प्रतीक बनेगा।”
इससे पहले नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी जी का बहुत-बहुत आभार! हम नए भारत का दर्शन कर रहे हैं। जेवर एयरपोर्ट से यूपी को नई उड़ान मिलेगी। जेवर एयरपोर्ट विकास का उदाहरण है। पिछले 11-12 वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जो कार्ययोजना बनी है, आज हम सबको देखने को मिल रही है।”
योगी ने कहा कि भारत के अंदर पेट्रोलियम उत्पादों का दाम नियंत्रित है। उसकी आपूर्ति स्मूथ बनाई गई है। उस पूरी व्यवस्था में अमेरिका जैसे विकसित देशों में भी पेट्रोलियम उत्पादों के दाम आसमान छूते दिख रहे हैं। भारत के पड़ोसी देशों में भी पेट्रोलियम उत्पादों के दाम बढ़े हुए हैं, वहां पर अव्यवस्था का माहौल है। उन्हें अपने कार्य की अवधि को कम करना पड़ रहा है, उत्पादन को रोकना पड़ा है। जनता में कोटा सिस्टम लागू करना पड़ा है, लेकिन भारत के पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति बनाए रखना, दाम को नियंत्रित करना और कल का ऐतिहासिक निर्णय जो लिया, जिसमें पेट्रोलियम उत्पादों में एक्साइज ड्यूटी कम करने का फैसला जो लिया, उसके लिए यूपी की ओर से कृतज्ञता ज्ञापित करता हूं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*