राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। प्रताप विहार स्थित इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय सचिव प्रियंक जोशी, निदेशक पंकज जोशी और प्रधानाचार्य मधुकर प्रिय द्वारा ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। सभी ने विद्यालय प्रांगण में पौधरोपण भी किया।
विद्यार्थियों की ‘भारत वंदना’की मधुर एवं भावपूर्ण प्रस्तुति ने वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। समारोह के दौरान इंचार्ज, कोऑर्डिनेटर एवं विभिन्न विभागाध्यक्षों द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-26 के स्कॉलर्स को बैज पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त शैक्षणिक उपलब्धियों, खेलकूद, भारतीय एवं पाश्चात्य नृत्य, गायन, संगीत, कंप्यूटर तथा वाक्-कला सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कार प्रदान कर उनकी प्रतिभा एवं उपलब्धियों का सम्मान किया गया।
पाठ्यक्रम एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पृथ्वी हाउस को ‘बेस्ट हाउस ट्रॉफी’से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि ने विद्यार्थियों में उत्साह, प्रतिस्पर्धा एवं टीम भावना का संचार किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य मधुकर प्रिय ने विद्यार्थियों को अनुशासन, कठिन परिश्रम, सत्यनिष्ठा एवं अन्याय के विरुद्ध आवाज़ उठाने जैसे जीवन-मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया।
विद्यालय सचिव प्रियंक जोशी और विद्यालय निदेशक पंकज जोशी ने अपने संबोधन के द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों भगत सिंह, खुदीराम बोस एवं चंद्रशेखर आजाद के जीवन-संघर्ष व देशप्रेम से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। शेफाली सिंह ने समारोह को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। अंत में सभी ने उत्साह एंव गर्व के साथ ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गान किया।


Leave a Reply