एक-एक फरियादी से मिले सीएम, जन समस्याओं का लिया संज्ञान

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’में प्रदेश भर से आए पीड़ितों की समस्याएं सुनी और उन पर संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर पीड़ित की उचित समस्या के समाधान के लिए प्रयासरत है।
उन्नाव के बांगरमऊ से आईं ममता तिवारी ने सीएम को प्रार्थना पत्र देते हुए कुछ लोगों पर मंदिर कब्जा करने का आरोप लगाया। बदायूं से आए एक किसान ने बताया कि कुछ लोगों ने उनकी फसल नष्ट कर दी, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं हो रही। बलरामपुर से आए एक फरियादी ने बताया कि गांव की सड़क बहुत खराब है। ग्राम प्रधान कई वर्षों से इसका निर्माण नहीं होने दे रहे हैं, जिससे आवागमन में काफी परेशानी होती है।
‘जनता दर्शन’में पहुंचे फर्रुखाबाद निवासी एक खिलाड़ी ने बताया कि वह निशानेबाज हैं और विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर पदक भी जीत चुके हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से लाइसेंस दिलाने का अनुरोध किया। इसके अलावा कई लोगों ने जमीन व पारिवारिक विवाद से जुड़े मामले भी बताए। सीएम ने सभी प्रकरणों से जुड़े प्रार्थना पत्रों का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को यथोचित कार्रवाई का आदेश दिया।
लखनऊ से आए एक फरियादी ने अवैध कॉलोनी से जुड़ा मुद्दा उठाया, तो कुछ जनपदों से आए फरियादियों ने सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत की। मुख्यमंत्री योगी ने ऐसे तमाम मामलों पर कार्रवाई का निर्देश देते हुए पीड़ितों की संतुष्टि पर विशेष जोर दिया।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*