एटीएस को बड़ी कामयाबी, वाराणसी से पाकिस्तानी एजेंट गिरफ्तार

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो

लखनऊ। उत्तर प्रदेश एटीएस ने सेना इंटेलिजेंस की मदद से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से आईएसआई एजेंट को गिरफ्तार किया है। वह सेना के साथ सीआरपीएफ के ठिकानों की तस्वीरें पाकिस्तान भेज रहा था। एटीएस लखनऊ में आरोपित राशिद से पूछताछ कर रही है। 

यूपी एटीएस ने वाराणसी से सोमवार को आईएसआई एजेंट राशिद अहमद को गिरफ्तार किया है। आर्मी इंटेलिजेंस के इनपुट पर उत्तर प्रदेश एटीएस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। राशिद अहमद (23) पुत्र इदरीस अहमद वाराणसी में बीएचयू के छित्तूपुर में रहकर अपने मिशन को अंजाम दे रहा था। वह 2018 में कराची में रहने वाली मौसी के यहां गया था। इसके बाद वहां आईएसआई के संपर्क में आया। 2019 से वह देश के महत्वपूर्ण स्थानों और सैन्य ठिकानों की तस्वीरें आईएसआई को भेजता था।

राशिद अहमद पाकिस्तान के आईएसआई को महत्वपूर्ण सैन्य खुफिया सूचना देने में लगा हुआ था। मूलत: चौरहाट पड़ाव, कोतवाली मुगलसराय, चंदौली निवासी राशिद के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। इसी फोन से वह सैन्य तथा चंदौली में सीआरपीएफ के ठिकानों की फोटो खींचकर पाकिस्तान में बैठे आईएसआई को भेज रहा था। इसके अलावा वह सीआरपीएफ के ठिकानों की भी रेकी कर चुका है। एटीएस सूत्रों के अनुसार राशिद पाकिस्तानी सेना के इशारे पर जोधपुर में सेना के मूवमेंट की जानकारी देने में लगा था। वह इन दिनों वाराणसी कैंट तथा सीआरपीएफ अमेठी की जानकारी दे रहा था। वह लगातार व्हाट्सएप पर फोटो भेज रहा था। पाकिस्तानी हैंडलर के कहने पर उसको भारतीय सिम एक्टिवेट ओटीपी दिए गए थे। भारतीय सिम कार्ड पर व्हाट्सएप एक्टिव कर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी अपना एजेंडा चला रही थी। आरोपी के पास से पेटीएम के माध्यम से पांच हजार रुपये तथा एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। एटीएस गहन जांच-पड़ताल कर रही है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*