मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत को उद्धव सरकार से पंगा लेना महंगा पड़ गया है। बीएमसी ने बांद्रा वेस्ट के पाली हिल रोड स्थित कंगना रनौत के दफ्तर के अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। बुधवार को बीएमसी की टीम जेसीबी और मजदूरों के साथ कंगना के दफ्तर पहुंची और अवैध निर्माण को तोड़ा गया। इस बीच कंगना ने बीएमसी की टीम को बाबर की सेना कहा है।
बीएमसी की इस कार्रवाई के खिलाफ कंगना ने बॉम्बे हाई कोर्ट में अर्जी दायर की है। कंगना की ओर से रिजवान सिद्दीकी ने अर्जी दाखिल की, जिस पर सुनवाई शुरू हो गई है। कंगना के वकील रिजवान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई में शामिल हो रहे हैं। वहीं कंगना रनौत ने इस बीच कहा है कि मेरे घर में कोई अवैध निर्माण नहीं है, कोरोना के कारण सरकार ने भी 30 सितम्बर तक किसी भी निर्माण को गिराने पर प्रतिबंध लगाया है, बॉलीवुड अब देख सकता है कि फासीवाद क्या होता है।
बीएमसी का कहना है कि कंगना के दफ्तर के अंदर कई अवैध निर्माण किए गए हैं, इसलिए कार्रवाई की जा रही है। बीएमसी का दावा है कि ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर पर कई अवैध निर्माण किए गए हैं। इस बीच कंगना रनौत ने ट्वीट करके बीएमसी कर्मियों की तुलना बाबर की सेना से की है और कहा कि ये मंदिर फिर से बनेगा। मैं कभी गलत नहीं थी और मेरे दुश्मन बार-बार साबित कर रहे हैं कि मेरा मुंबई अब पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) हो गया है।


Leave a Reply