किसान आंदोलन: बुधवार को राष्ट्रपति से मिलेगा विपक्षी दलों का एक प्रतिनिधिमंडल

नई दिल्ली। केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के विरोध में आज भारत बंद के बाद कल बुधवार को विपक्षी दलों का एक प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात करेगा। कोविड-19 प्रोटोकॉल के कारण 5 नेताओं को ही शाम पांच बजे राष्ट्रपति से मुलाकात करने की इजाजत दी गई है, इसलिए प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, एनसीपी प्रमुख शरद पवार, सीपीआई (एम) के महासचिव सीताराम येचुरी समेत 5 नेता ही शामिल होंगे।
राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो प्रमुख को राष्ट्रपति कोविंद से विपक्षी नेताओं की होने वाली इस मुलाकात की जानकारी सीताराम येचुरी ने दी है। माना जा रहा है कि यह मुलाकात कृषि कानूनों के मुद्दे पर हो सकती है। उधर किसान पिछले 13 दिनों से दिल्ली बॉर्डर पर डेरा डाले हुए हैं। वे सरकार से कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। वहीं, कल किसानों और सरकार के बीच छठे दौर की बातचीत भी है, जो बेहद अहम मानी जा रही है। दोनों पक्षों के बीच अब तक पांच राउंड की बातचीत हो चुकी है, जो बेनतीजा रही है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*