कुलदीप सेंगर केस: सीबीआई ने तत्कालीन डीएम और दो एसपी को माना दोषी

  • सीबीआई ने आईएएस अदिति सिंह, आईपीएस पुष्पांजलि सिंह और नेहा पांडेय के खिलाफ विभागीय कार्यवाही करने की सिफारिश की
    नई दिल्ली। उन्नाव के बहुचर्चित कुलदीप सिंह सेंगर रेप केस में अहम मोड़ आया है। पूरे मामले की जांच कर रही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने इस मामले में जिले के तत्कालीन बड़े अफसरों को दोषी माना है। सीबीआई ने आईएएस अदिति सिंह, आईपीएस पुष्पांजलि सिंह और नेहा पांडेय को मामले में लापरवाही करने का दोषी माना है। सीबीआई ने इस मामले में इन अफसरों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही करने की सिफारिश की है।
    दरअसल, 2009 बैच की आईएएस अफसर अदिति सिंह 24 जनवरी 2017 से 26 अक्टूबर 2017 तक उन्नाव में तैनात थीं और इसी दौरान रेप पीड़िता ने कई बार शिकायत की, लेकिन उस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। अदिति इस वक्त हापुड़ की जिलाधिकारी हैं। वहीं, 2006 बैच की आईपीएस अधिकारी पुष्पांजलि सिंह भी उन्नाव की पुलिस अधीक्षक थीं। इन पर आरोप है कि इन्होंने पीड़िता की शिकायत तो नहीं सुनी, साथ ही जब कुलदीप सिंह सेंगर की शह पर पीड़िता के पिता को पीटा गया और बाद में मौत हो गयी तो उन्होंने मामले को दबाने की कोशिश की। जांच में भी लापरवाही की। पुष्पांजलि वर्तमान में गोरखपुर में बतौर एसपी रेलवे तैनात हैं।
    2009 बैच की आईपीएस नेहा पांडेय भी उन्नाव में पुलिस अधीक्षक रही हैं। इन पर भी लापरवाही का आरोप है। ये आजकल केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर आईबी में तैनात हैं। इस मामले में सीबीआई जांच काफी दिनों से चल रही थी। इन लोगों के दोषी पाए जाने के बाद अब सरकार फैसला लेगी कि आखिर कब और कैसे विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
admin
About admin 3410 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*