राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। दो दिन पहले यह संख्या 9 थी, जो आज बढ़कर 11 हो गई है । सरकार के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच आई हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को सभी विभागों के प्रमुख सचिवों की एक हाई लेवल बैठक बुलाई है। बैठक मे स्वास्थ मंत्री जयप्रताप सिंह भी मौजूद रहेंगे । सीएम आवास पर बुलाई गई बैठक में कोरोना वायरस के संक्रमण के सम्भावित खतरे को देखते हुए प्रदेश में स्कूल-कॉलेज और सिनेमा हॉल बंद करने पर विचार हो सकता है।
गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग ने मीडिया बुलेटिन जारी किया था। इसमें दिए गए आंकड़ों के अनुसार उत्तर प्रदेश में अब तक कुल 11 लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। इन सभी लोगों के टेस्ट पॉजिटिव निकले हैं।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले 11 मार्च तक 9 टेस्ट पॉजिटिव निकले थे। गुरुवार को यह संख्या बढ़ गई । आगरा में सात, गाजियाबाद में दो, नोएडा और लखनऊ में एक-एक मरीज़ मिल चुके हैं। इसके अलावा लखनऊ में कोरोना के तीन और संदिग्ध भर्ती कराए गए हैं।
आंकड़ों के अनुसार अब तक कुल 499 टेस्ट निगेटिव पाए गए हैं, जबकि 73 मामलों में रिपोर्ट का इंतजार है। वायरस को लेकर एहतियात की बात करें तो अब तक प्रदेश के विभिन्न एयरपोर्ट पर 17048 को थर्मल स्कैनिंग हुई है। इसी तरह बॉर्डर पर भी एहतियात बरती जा रही है। भारत-नेपाल सीमा पर 12 लाख से ज़्यादा लोगों की स्कैनिंग हो चुकी है। पुणे और केजीएमयू की लैब में 582 सैंपल के टेस्ट का इंतज़ार है।


Leave a Reply