उन्नाव की पीड़िता के पिता की हत्या के मामले में कुलदीप सेंगर सहित 7 दोषियों को 10 साल कैद

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो

नई दिल्ली। उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता के पिता की गैर इरादतन हत्या के लिए दोषी यूपी के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर सहित सात दोषियों को दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने 10 साल की सजा सुनाई है। साथ ही 10-10 लाख रुपये का जुर्माना भी किया है। सजा पाने वालों में उन्राव के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर, सब इंस्पेक्टर कामता प्रसाद, एसएचओ अशोक सिंह भदौरिया, विनीत मिश्रा उर्फ विनय मिश्रा, जय सिंह उर्फ अतुल सिंह, वीरेंद्र सिंह उर्फ बउवा सिंह और शशि प्रताप सिंह उर्फ सुमन सिंह शामिल हैं।
गुरुवार को सजा पर बहस के दौरान सीबीआई और पीड़ित पक्ष ने दोषियों के लिए अधिकतम सजा की मांग की थी। अधिकतम सजा के तहत उम्र कैद का प्रावधान है, लेकिन कोर्ट ने 10 साल की ही सजा सुनाई है। कुलदीप सिंह सेंगर को दुष्कर्म के मामले में कोर्ट पहले ही सजा दे चुका है, जिसमें प्राकृतिक मौत तक जेल में रखने की सजा दी गई है। सजा पर बहस के दौरान दोषी कुलदीप सिंह सेंगर सहित सभी सात दोषी अदालत में मौजूद रहे। सीबीआई और पीड़िता के वकील धर्मेद्र कुमार मिश्रा ने अधिकतम सजा की मांग की थी, जबकि दोषियों ने अदालत से दया मांगी थी।
अदालत ने चार मार्च को पूर्व विधायक कुलदीप सेंगर, माखी थाने के तत्कालीन एसएचओ अशोक सिंह भदौरिया, तत्कालीन सब इंस्पेक्टर कामता प्रसाद, विनीत मिश्र उर्फ विनय मिश्र, बीरेंद्र सिंह उर्फ बउवा सिंह, शशि प्रताप सिंह उर्फ सुमन सिंह और जयदीप सिंह उर्फ अतुल सिंह सेंगर को दोषी करार दिया था। न्यायाधीश ने कहा था कि दुष्कर्म पीड़िता के पिता को सेंगर ने पुलिस कर्मियों की मदद से फंसाया था। पीड़ित के साथ इतनी बेरहमी से मारपीट की गई थी कि उनकी मौत हो गई। सीबीआई यह साबित करने में सफल रही कि जब पीड़िता के पिता के साथ मारपीट की गई तो कुलदीप फोन पर पुलिसकर्मियों के संपर्क में था। इसके बाद पीड़ित के खिलाफ अवैध हथियार का झूठा केस दर्ज किया गया। अस्पताल में मेडिकल चेकअप के दौरान सेंगर डॉक्टरों के संपर्क में था। घायल को अस्पताल में रखने के बजाय न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया और चार दिन बाद उनकी मौत हो गई।
सीबीआई ने आरोप-पत्र में कहा था कि 03 अप्रैल, 2018 को पीड़िता के पिता और शशि प्रताप सिंह के बीच लिफ्ट को लेकर बहस हुई। दुष्कर्म पीड़िता के पिता अपने एक सहयोगी के साथ काम से वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान उन्होंने शशि प्रताप से लिफ्ट मांगी, लेकिन उसने इन्कार कर दिया। इस बीच बहस हो गई और शशि प्रताप ने कुलदीप सेंगर के भाई अतुल सेंगर को फोन कर मौके पर बुलाया। अतुल अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर आया और पीड़िता के पिता, उनके सहयोगी के साथ बुरी तरह मारपीट की। इसके बाद उन्हें थाने में लेकर गए और उन्हीं पर केस दर्ज करवा दिया।
अदालत के सामने गिड़िगड़ाया सेंगर:
पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर ने तीस हजारी अदालत के सत्र न्यायाधीश धर्मेश शर्मा की कोर्ट में गुरुवार को सजा पर बहस के दौरान हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाने लगा था। उसने कहा, अगर मैंने कुछ गलत किया है तो मुझे फांसी दे दो। मेरी आंखों में तेजाब डाल दो। मुझे न्याय दिया जाए या फिर फांसी पर लटका दिया जाए। मेरी दो बेटियां हैं, मुझे माफ कर दिया जाए।
अपराध करने से पहले सोचना था: जज
सत्र न्यायाधीश धर्मेश शर्मा ने सेंगर से कहा कि उसे दोषी करार दिया जा चुका है, क्योंकि उसके खिलाफ साक्ष्य हैं। जज ने कहा, तुम्हारा परिवार है, तो दूसरों का भी परिवार है। यह सब तुम्हें अपराध करने से पहले सोचना चाहिए था, लेकिन तुमने एक के बाद एक सारे कानून तोड़ दिए।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*