प्रीतिका बच्चन
नई दिल्ली। देश में कोरोना के 25 नए मामले और दर्ज किए गए हैं। इसके साथ ही शनिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना मरीजों की संख्या 258 से बढ़कर 283 हो गई है। इनमें से 39 मरीज विदेशी हैं। अब तक इस बीमारी से देश में चार लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 23 मरीज स्वस्थ्य हुए हैं। यानि देश में एक्टिव मामले 256 हैं।
कोविड-19 के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र से आए हैं। एक ही दिन में 11 मामले सामने आए हैं। महाराष्ट्र में अब तक कोरोना के कुल 60 मामले सामने आ चुके हैं। इनमे से कई मामले एक ही शहर से हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश के 22 राज्यों व केन्द्र शासित प्रदेशों में कोरोना वायरस के मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। महाराष्ट्र में अब तक कोरोना के कुल 60 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। केरल में 33, उत्तर प्रदेश में 23, गुजरात में 07, हरिय़ाणा में 03, हिमाचल प्रदेश में 02, जम्मू व कश्मीर में 04, कर्नाटक में 15, आंध्र प्रदेश में 03, लद्दाख में 13, जम्मू व कश्मीर में 04, राजस्थान में 15, तमिलनाडु में 03, तेलंगाना में 10, ओडिशा में 02, पुदुचेरी, छत्तीसगढ़ में 01, चंडीगढ़ में 01, उत्तराखंड में 03, पश्चिम बंगाल में 03, पंजाब में 13 मामले की पुष्टि हो चुकी है।
तेजी से बढ़ते कोरेाना वायरस के मामले पर चिंता व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त संचिव लव अग्रवाल कहते हैं कि बीमारी तेजी से न फैले, इसके लिए समाज में जागरुकता जरूरी है। लोगों से हर स्तर पर और प्लेटफार्म से अपील की जा रही है कि वे सरकार की सहायता करें और सोशल दूरी बनाएं। रविवार को आयोजित होने वाले जनता कर्फ्यू में भाग लें, ताकि बीमारी की चेन को तोड़ा जा सके। क्योंकि इस बीमारी की रोकथाम ही इससे बचाव है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी रविवार को जनता कर्फ्यू का पालन करने की अपील की है। इसके साथ ही स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों को कम से कम लोगों से मिलने-जुलने का परामर्श जारी किया है। साथ ही बुजुर्गों और बच्चों को घर से न निकलने की सलाह दी गई है। इसे फैलने से रोकने के लिए बचाव ही एक रास्ता है। इसलिए भीड़ से बचना ही इस बीमारी के फैलाव को रोकने में कारगर कदम साबित हो सकता है।


Leave a Reply