कोरोना वायरस: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्ताव का सार्क देशों ने किया समर्थन

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोविड-19 (कोरोना वायरस) के प्रकोप का सामना करने के लिए दक्षिण एशिया क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) के देशों से एक मजबूत रणनीति तैयार करने का आह्वान किया है। उन्होंने ट्विट संदेश के माध्यम से एक साझा रणनीति बनाने का प्रस्ताव किया है, जिसका इस संगठन के अन्य देशों के नेताओं ने स्वागत किया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सुझाव दिया है कि सार्क देशों के नेता वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कोरोना वायरस के खतरे का सामना करने के उपायों पर विचार विमर्श कर सकते हैं, ताकि लोगों का स्वास्थ्य सुरक्षित रहे। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया कोरोना वायरस के खतरे से जूझ रही है। सरकार और जनता विभिन्न स्थलों पर इस खतरे का मुकाबला कर रहे हैं। दुनिया की जनसंख्या के बड़े भूभाग वाले दक्षिण एशिया को अपनी ओर से हरसंभव प्रयास करना चाहिए कि वह लोगों का स्वास्थ्य सुनिश्चित करे।
उन्होंने कहा कि सार्क देशों को दुनिया के सामने ऐसा उदाहरण पेश करना चाहिए कि एक स्वस्थ विश्व बनाए रखने के लिए क्या कुछ किया जा सकता है। दक्षेस संगठन के सदस्य देश नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने मोदी के इस प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा कि नेपाल सरकार अन्य सदस्य देशों के साथ मिलकर कोरोना वायरस के खतरे का मुकाबला करने के लिए तैयार है।
श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रीलंका चिकित्सा क्षेत्र में जानकारी और अनुभव साझा करने के लिए तैयार है। उन्होंने इस चुनौतीपूर्ण समय में सार्क देशों के बीच एकजुटता पर जोर दिया।
मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह ने भी इसी प्रकार का भाव व्यक्त करते हुए कहा कि कोराना वायरस के मुकाबले के लिए क्षेत्रीय स्तर पर उठाए जा रहे कदम का स्वागत करते हैं। भूटान के प्रधानमंत्री लोटे त्शेरिंग ने कहा कि मोदी का यह प्रस्ताव उनकी नेतृत्व क्षमता दर्शाता है। उन्होंने कहा कि छोटी अर्थव्यवस्था वाले देशों पर इस प्रकोप का बुरा असर पड़ेगा। इस बात की जरूरत है कि सभी देश मिलकर काम करें। ताकि तत्काल अनुकूल परिणाम हासिल किए जा सके।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*