क्षत्रिय सेवा समिति ने मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित

गौरव बंसल
गाजियाबाद। क्षत्रिय सेवा समिति (रजि.) द्वारा विजयदशमी का पर्व बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। लोहियानगर स्थित महाराज अग्रसेन भवन में आयोजित विजयदशमी उत्सव में क्षत्रिय सेवा समिति ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन व शस्त्र पूजन भी किया। इस अवसर पर मौजूद सुप्रसिद्ध कवियों व नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
महानगर के लोहिया नगर स्थित अग्रसेन भवन में क्षत्रिय समाज ने वैदिक परम्पराओं के साथ बुराई पर अच्छाई के प्रतीक के रूप में मनाए जाने वाले पर्व विजयदशमी को बड़ी धूमधाम से मनाया। मुख्य अतिथि के रूप में कस्टम व एक्साइज डिपार्टमेंट के सेवानिवृत्त चीफ राजकुमार सिंह रहे। उन्होंने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने समिति के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों के समाजहित में किए जा रहे प्रयासों व कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा की। विशिष्ट अतिथि और कविगण के रूप में भोजराज सिंह भोज, डॉ इंद्र सेंगर, वाईएस चौहान, उदयवीर सिंह, अरुण कुमार सिंह, सत्यपाल सिंह कुशवाहा, आईपी सिंह, चन्द्रकिशोर सेंगर, डॉ रमा सिंह मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि ने समिति के सदस्यों के साथ मिलकर समिति द्वारा प्रकाशित पत्रिका क्षत्रिय चेतना व कवि भोजराज सिंह भोज द्वारा रचित ब्रज बाल गीत व कृषि एवं किसान शतक पुस्तक का विमोचन किया। इसके बाद कवियों ने अद्भुत काव्यपाठ के द्वारा तथा बच्चों ने अपने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के द्वारा सभी का दिल जीत लिया। मुख्य अतिथि ने क्षत्रिय शिरोमणि, क्षत्रिय वरिष्ठ नागरिक व सेवानिवृत्ति सम्मान भी भेंट किए। इसके अलावा मेधावी छात्र-छात्राओं को क्षत्रिय शैक्षिक प्रतिभा पुरुस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
विजयदशमी उत्सव में भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय मंत्री पवन गोयल ने भी शिरकत की। इस मौके पर क्षत्रिय सेवा समिति के सदस्य और गुलमोहर आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष सुरेन्द्र राजपूत ने कहा कि क्षत्रिय समाज राष्ट्र भक्ति को ही अपनी शक्ति समझता है। राष्ट्रभक्ति करने में हम कभी पीछे नहीं हटे हैं और इसका गवाह इतिहास है। क्षत्रिय समाज सदैव देश की आन बान शान के लिए बलिदान देता आया है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*