मेवाड़ के विद्यार्थियों ने गांधी के आदर्शों को दी अपनाने की सीख

प्रीतिका बच्चन
गाजियाबाद। वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर पूरे सप्ताह गांधी के आदर्शों पर आधारित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। नाटकों के जरिए विद्यार्थियों ने गांधीजी के आदर्शों को अपनाने की सीख दी तो सम्भाषण, सेमिनार, निबंध प्रतियोगिता, बापू के भजन और कविताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने सप्ताह भर उनकी स्मृतियों को निरंतर ताजा बनाए रखा।
सप्ताह के प्रथम दिन निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बापू के जीवन पर अनेक रोचक जानकारियों से भरपूर निबंध लिखे। गांधीजी के देशहित व समाजहित में किए गए कार्यों पर एक दिन का सेमिनार आयोजित किया गया। इसमें बच्चों ने बेहतरीन प्रस्तुतियां दीं। अपने विचारों से उन्होंने गांधीजी के कार्यों को बहुत अच्छे तरीके से रेखांकित किया। साथ ही संकल्प लिया कि सभी बापू के कार्यों को जन-जन तक फैलाएंगे। उन्हें अपने जीवन का हिस्सा भी बनाएंगे। गांधीजी पर क्विज भी रखा। इसमें विद्यार्थियों द्वारा गांधीजी के जीवन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला गया।
मेवाड़ ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस के सहायक निदेशक व मीडिया प्रभारी चेतन आनंद ने राष्ट्रीय जनमोर्चा को बताया कि गांधी सप्ताह में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सबसे आकर्षण का केन्द्र था नाट्य मंचन। एक दर्जन से अधिक नाटक महात्मा गांधी पर आधारित थे। अहिंसा, दया, करुणा, मैला प्रथा का अंत, दांडी मार्च, सत्याग्रह, स्वतंत्रता आंदोलन आदि को रोचक तरीके से विद्यार्थियों ने प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। नाटक प्रतियोगिता में गुरु गोविन्द सिंह एंड टैगोर ग्रुप प्रथम, चंद्रशेखर आजाद ग्रुप द्वितीय, विवेकानंद ग्रुप तृतीय और भगत सिंह व गांधी ग्रुप चेयरमैन अवार्ड से पुरस्कृत किए गए। सभी विद्यार्थी बीएड विभाग के थे, जबकि प्रोफेसर एसबी मुखर्जी व केशव कोहली निर्णायक की भूमिका में रहे।
मेवाड़ ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गदिया ने बताया कि गांधी सप्ताह पहली बार मेवाड़ संस्थान में आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने पूरे जोश व उत्साह के साथ भाग लिया। उनका प्रयास है कि विद्यार्थी महात्मा गांधी के आदर्शों को अपने जीवन में उतारें। उनके आदर्शों को अपनाकर देश व समाज की मुख्यधारा से जुड़ें। मेवाड़ का मिशन भी विद्यार्थियों का सर्वागींण विकास करना है। संस्थान की निदेशिका डॉ. अलका अग्रवाल ने गांधी सप्ताह में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों व शिक्षक-शिक्षिकाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मेवाड़ इंस्टीट्यूशंस इस प्रकार के कार्यक्रम कराने के लिए प्रतिबद्ध है। यह मुहिम निरंतर जारी रहेगी।

admin
About admin 3420 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*