राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
- सुबह की सैर पर निकले नरेश त्यागी की स्कूटी से आए बदमाशों ने गोली मारकर की हत्या
गाजियाबाद। देश की राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद जिले के सिहानी गेट थाना इलाके के लोहिया नगर में शुक्रवार की सुबह की सैर पर निकले भाजपा विधायक अजीत पाल त्यागी के मामा नरेश त्यागी को स्कूटी सवार बदमाशों ने गोलियों से भून डाला। उनको छह गोली मारी और मौके पर ही नरेश त्यागी की मौत हो गई।
नरेश त्यागी (60) मुरादनगर के वर्तमान विधायक अजीत पाल त्यागी के मामला और प्रदेश के पूर्व राज्यमंत्री राजपाल त्यागी के साले थे। इस लोमहर्षक वारदात के समय नरेश त्यागी सुबह की सैर कर रहे थे। पार्क के पास पहुंचते ही स्कूटी पर आए बदमाशों ने उन्हें गोलियों से भून दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसएसपी कलानिधि नैथानी और एसपी सिटी अभिषेक वर्मा तत्काल मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई।
परिजनों के मुताबिक, नरेश त्यागी कई साल से पीडब्ल्यूडी और आरईइस विभाग आदि में ठेकेदारी कर रहे थे। शुक्रवार की सुबह करीब 5:30 बजे वह जदयू महासचिव केसी त्यागी के आवास के सामने बने पार्क में घूमने जा रहे थे, तभी स्कूटी सवार बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए नरेश करीब 70 मीटर तक भागे। उसके बाद वहीं गिर पड़े। शूटर्स ने उनके सिर में दो गोली और मारी। आसपास के लोग तत्काल नरेश को यशोदा अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नरेश त्यागी मूल रूप से मुरादनगर थाना क्षेत्र के गांव सारा के रहने वाले थे। गाजियाबाद में वह एक पॉश कालोनी लोहिया नगर में रहते थे। उनके बहनोई व उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यमंत्री रह चुके राजपाल त्यागी व उनके भांजे अजीत पाल त्यागी भी लोहिया नगर में ही रहते हैं। इसके अलावा गाजियाबाद की इस पुरानी व पॉश कालोनी में जनता दल के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व सांसद केसी त्यागी, पूर्व विधायक कांग्रेस नेता केके शर्मा समेत कई पुलिस अधिकारी व प्रशासनिक अधिकारियों के आवास भी हैं। अपराधियों द्वारा सरेआम नरेश त्यागी की हत्या करना सीधे-सीधे गाजियाबाद पुलिस को चुनौती है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया कि बदमाशों की तलाश में तेज-तर्रार पुलिस अधिकारियों की टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही अपराधी हमारी गिरफ्त में होंगे।


Leave a Reply