राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। विक्रम जोशी हत्या कांड के फरार 10वें आरोपी को थाना कोतवाली नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस पर पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित कर रखा था और थाना विजयनगर पुलिस का वांछित था।
एसएसपी कलानिधि नैथानी के अनुसार आरोपित आकाश बिहारी घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। उसे पकड़ने के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मंगलवार की रात थाना कोतवाली नगर पुलिस सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी आकाश बिहारी को जस्सी पुरा कट से गिरफ़्तार कर लिया।
आरोपित आकाश बिहारी पुत्र अशोक कुमार राजपूत माता कॉलोनी प्रताप विहार थाना विजय नगर जिला गाज़ियाबाद का रहने वाला है। इसके खिलाफ थाना विजयनगर में पत्रकार विक्रम जोशी हत्याकांड के अलावा तीन और अपराधिक मामले दर्ज हैं। इससे पहले घटना के तीन घंटे बाद ही इस मामले के मुख्य आरोपी रवि को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि बाकी अन्य आरोपी भी मंगलवार 21 जुलाई की सुबह तक पकड़ लिए गए। पकड़े गए आरोपियों में रवि निवासी माता कॉलोनी, छोटू, साकिब व आकाश उर्फ लुल्ली निवासीगण चरण सिंह कॉलोनी, मोहित निवासी भाव देवव्रत कॉलोनी, दलवीर निवासी एक-ब्लॉक सेक्टर-9 विजयनगर, योगेंद्र निवासी सेक्टर-11 विजयनगर, अभिषेक हकला निवासी लाल क्वार्टर थाना साहिबाबाद, अभिषेक मोटा निवासी माता कॉलोनी सेक्टर-12 विजयनगर शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि विजयनगर बाईपास निवासी विक्रम जोशी गाजियाबाद से प्रकाशित दैनिक जनसागर टुडे से जुड़े हुए थे। सोमवार 20 जुलाई की रात विक्रम जोशी माता कॉलोनी निवासी बहन के घर गए थे। रात करीब 10:30 बजे वहां से आते समय कुछ बदमाशों ने उन पर हमला बोल दिया। एक बदमाश ने तमंचा सिर से सटाकर विक्रम को गोली मार दी थी। घटना को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गए।
परिजनों के मुताबिक विक्रम जोशी के परिवार की एक लड़की के साथ छेड़छाड़ हुई थी। इस संबंध में थाने में नामजद शिकायत की गई थी। पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने पर आरोपी पीड़ित पक्ष को लगातार धमकी दे रहे थे। विक्रम इस मामले की पुलिस में पैरवी कर रहे थे। इसी बात को लेकर आरोपियों ने उन्हें गोली मार दी थी। 22 जुलाई की तड़के करीब चार बजे उन्हेांने अस्पताल में दम तोड़ दिया था। अब इस मामले के सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना की जांच एसपी सिटी गाजियाबाद कर रहे हैं।


Leave a Reply