अहमदाबाद। गुजरात में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम ले रहा है। सोमवार को 108 नए मामले और सामने आए हैं। इसे लेकर राज्य में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या अब 1851 हो गई है। अकेले अहमदाबाद में 91 नए मामले सामने आए हैं, जिनमें से 66 हॉटस्पॉट से हैं। अहमदाबाद में कुल पॉजिटिव संख्या 1192 है, जो उत्तर प्रदेश से भी ज्यादा है। यूपी के पूरे राज्य में 1099 मामले पॉजिटिव है, जबकि गुजरात में महज अहमदाबाद में उससे ज्यादा संख्या हो चुकी है।
उल्लेखनीय है कि अहमदाबाद की आबादी 75 लाख है, जबकि उत्तर प्रदेश की आबादी 22 करोड़ है। इस तरह अहमदाबाद शहर में कोरोना वायरस मामलों का अनुपात उत्तर प्रदेश राज्य से अधिक हो गया है। अहमदाबाद में 91 मरीज 66 हॉटस्पॉट्स क्षेत्रों में से, अरवली में 6, कच्छ में 2, महिसागर में 1, पंचमहल में 2, राजकोट में 2, सूरत में 2 और वडोदरा में 1 मामले मिले हैं। राज्य में कुल 1851 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख सचिव जयंती रवि ने बताया कि रविवार रात से सोमवार की सुबह तक 4 मरीजों की मौत हो गई है। एक मरीज ठीक हो गया है। उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
रवि ने बताया कि हालात को देखते हुए केंद्र सरकार ने पांच विशेषज्ञों की एक टीम गुजरात भेजा है। टीम ने अहमदाबाद में अस्पतालों, परीक्षण प्रयोगशालाओं और प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया है। इसके अलावा उन्होंने राज्य सरकार के मुख्य सचिव और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की हैं। आगे यह टीम राजकोट, वडोदरा और सूरत जाएगी। अगले दो हफ्ते में राज्य में कोरोना पॉजिटिव की संख्या और बढऩे का अनुमान है। साथ ही गुजरात के विभिन्न जिलों में क्लस्टर कन्टेंनमेंट क्षेत्रों की कुल संख्या में वृद्धि हुई है। एक ही सप्ताह में कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए और एक ही सप्ताह में 27 से बढक़र 127 क्लस्टर क्षेत्र हो गए।
स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख सचिव जयंती रवि के अनुसार राज्य में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या अब 1851 हो चुकी है। वहीं 67 मरीजों की मौत हुई है। सबसे ज्यादा 1192 मामले अहमदाबाद में हैं। इसके बाद वड़ोदरा में 181, सूरत में 244, राजकोट में 38, भावनगर में 32, आणंद में 28, भरूच में 23, गांधीनगर में 17, पाटन में 15, पंचमहाल में 11, बनासकांठा में 10, नर्मदा में 12, छोटाउदेपुर में 7, कच्छ में 6, मेहसाणा में 6, बोटाद में 5, पोरबंदर में 3, दाहोद में 2, गिर-सोमनाथ में 2, खेडा में 2, जामनगर में 1, मोरबी में 1, साबरकांठा में 2, अरवल्ली में 7 और महिसागर 3 मामले दर्ज किए गए हैं।


Leave a Reply