चिटफंड घोटाला मामला: सीबीआई ने रोज वैली समूह के प्रमुख की पत्नी को किया गिरफ्तार

जितेन्द्र बच्चन
नई दिल्ली। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की आर्थिक अपराध शाखा ने चिटफंड घोटाला मामले में रोजवैली ग्रुप के प्रमुख गौतम कुंडू की पत्नी शुभ्रा कुंडू को आज शुक्रवार को कोलकाता स्थित उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। वह इस मामले में सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा वांछित थी।
उल्लेखनीय है कि शुभ्रा के पति गौतम कुंडू मार्च, 2015 से ही जेल में बंद हैं। आरोप है कि रोजवैली समूह ने हजारों लोगों को निवेश पर अच्छी रिटर्न देने का झांसा देकर उनका धन कथित तौर पर हड़प लिया। सीबीआई सूत्रों की मानें तो रोजवैली समूह ने इन योजनाओं के तहत निवेशकों से 12,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि एकत्रित की है। सीबीआई के एक अधिकारी ने बताया कि रोजवैली ने देशभर में होटलों और रिसॉर्ट में निवेश किया हुआ है। निवेशकों से जो अरबों रुपये जुटाए गए थे, उनमें से करीब 3000 करोड़ रुपये का कोई हिसाब नहीं मिल रहा है। आशंका है कि शुभ्रा ने कथित तौर पर इन पैसों को विदेश में निवेश किया है। सीबीआई ने उनसे इस बारे में कई बार पूछताछ की लेकिन उन्होंने संतोषजनक उत्तर नहीं दिया। अंतत: आज 15 जनवरी को शुभ्रा को गिरफ्तार कर लिया गया।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*