जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जनपद जौनपुर से पूर्व सांसद धनंजय सिंह को जल निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर अभिनव सिंघल को अपहरण एवं धमकी देने के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अभिनव का आरोप है कि धनंजय सिंह ने उनसे रंगदारी मांगी और ना देने पर अपहरण करने और जान से मारने की धमकी दी। सोमवार को बाहुबली धनंजय सिंह को अदालत के आदेश पर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जौनपुर से बहुजन समाज पार्टी से सांसद रहे बाहुबली धनंजय सिंह का अपराध जगत तथा विवादों से काफी पुराना नाता रहा है। धनंजय सिंह को रविवार रात पुलिस ने गिरफ्तार किया। आज उनको जौनपुर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। धनंजय सिंह को अपहरण और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में आवास पर छापा मारकर गिरफ्तार किया गया। पूर्व सांसद पर कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक ने अपहरण और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था।
जौनपुर पुलिस की टीम ने रविवार की रात धनंजय सिंह के जौनपुर आवास पर छापेमारी की। पुलिस टीम ने आवास से पूर्व सांसद के साथ ही विक्रम सिंह को भी गिरफ्तार किया। एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक अभिनव सिंघल ने पूर्व सांसद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। यह कंस्ट्रक्शन कंपनी मुजफ्फरनगर की है। इस कंपनी के पास लगभग 300 करोड़ की लागत से जिले में सीवर लाइन बिछाने का टेंडर है। कंपनी के मालिक की ओर से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद हरकत में आए पुलिस महकमे ने पूर्व सांसद के आवास पर छापेमारी कर उन्हेंं गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी के लिए आधा दर्जन थानों की फोर्स लगाई गई थी।
अभिनव सिंघल ने बाहुबली नेता पर रंगदारी मांगने का आरोप लगाया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि धनंजय सिंह ने रंगदारी न देने पर उनका अपहरण करा लेने और जान से मार देने की धमकी दी है। पुलिस ने इसी शिकायत के आधार पर रविवार की रात छापेमारी कर धनंजय और उनके एक सहयोगी विक्रम सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
उल्लेखनीय है कि धनंजय सिंह ने उत्तर प्रदेश के जौनपुर के रारी विधानसभा क्षेत्र से अपनी राजनीति शुरू की। 27 साल की उम्र में 2002 में निर्दलीय विधायक चुने जाने के बाद धनंजय सिंह ने 2007 में जनता दल यूनाइटेड का दामन थामा। इसके बाद दिन तक रामबिलास पासवान के साथ रहने के बाद बहुजन समाज पार्टी में शामिल हो गए थे। बसपा के टिकट पर 2009 का लोकसभा चुनाव लड़ा और धनंजय ने जीत दर्ज कर संसद में जौनपुर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व भी किया।


Leave a Reply