राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
रांची। झारखंड में 16 विधानसभा क्षेत्रों के लिए शुक्रवार को मतदान के पांचवें और अंतिम चरण में सुबह 11 बजे तक 29.19 फीसदी मतदान हुआ। राज्य के संथाल परगना क्षेत्र में स्थित 16 सीटों के लिए सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ। महेशपुर सीट पर सबसे अधिक 38.40 फीसदी मतदान हुआ है। कुल मिलाकर 237 उम्मीदवार हैं, जिनमें 29 महिला उम्मीदवार हैं, जिनके भाग्य का फैसला 40,05,287 मतदाता करेंगे।
सभी 16 सीटें संथाल परगना क्षेत्र में आती हैं।अंतिम दौर की सभी सीटों पर बंपर वोटिंग की उम्मीद है। जेएमएम के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन की अग्निपरीक्षा है तो रघुवर दास सरकार के दो मंत्री लुइस मरांडी और रणधीर सिंह की साख दांव पर लगी हुई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने झारखंड विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण की वोटिंग पर सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकतंत्र के इस महोत्सव में शामिल होकर रिकॉर्ड मतदान करें।
फिलहाल, कोहरे और ठंड के कारण शुक्रवार की सुबह-सुबह संथाल क्षेत्र में ज्यादातर बूथों पर अंधेरा छाया रहा, जहां बिजली की समुचित व्यवस्था नहीं है। मोबाइल की रोशनी में मतदान शुरू हुआ। अब तक चार चरण में कुल 81 में से 65 सीटों का मतदान समाप्त हो गया है। आज का मतदान जारी है।


Leave a Reply