नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन जल्द ही वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (डब्ल्यूएचओ) कार्यकारी बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालेंगे । भारत में कोरोना से लड़ाई में अहम भूमिका निभा रहे हर्षवर्धन 22 मई को पदभार ग्रहण करेंगे । वह जापान के डॉक्टर हिरोकी नकाटनी की जगह बोर्ड के अध्यक्ष बनेंगे।
उल्लेखनीय है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन की बैठक में भारत की तरफ से नामित किए गए डॉ. हर्षवर्धन को नियुक्त करने का प्रस्ताव 19 मई को 194 देशों ने पारित किया। हालांकि डॉ. हर्षवर्धन का पद संभालना केवल औपचारिकता भर रह गया था, जब यह फैसला हुआ था कि वह डब्ल्यूएचओ की दक्षिण-पूर्व एशिया ग्रुप के लिए भारत की तरफ से नामित होंगे। इसमें सर्वसम्मति से ये भी तय किया गया था कि भारत मई से शुरू होने जा रहे तीन साल के कार्यकाल के लिए कार्यकारी बोर्ड में रहेगा।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी है कि भारत में अभी तक प्रति 1 लाख आबादी पर कोविड-19 से मौत के लगभग 0.2 मामले सामने आए हैं, जबकि दुनियाभर का आंकड़ा 4.1 मृत्यु प्रति लाख है। भारत में मंगलवार को कोरोना की वजह से मौत के मामले 3,163 तक पहुंच गए और संक्रमित मरीजों के कुल मामलों का आंकड़ा 1,01,139 हो चुका है।


Leave a Reply