नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तबीयत खराब हो गई है। रविवार से बुखार और गले में खराश की शिकायत बता रहे हैं। कोरोना के लक्षण जैसी शिकायत के कारण अब उनको कोरोना टेस्ट करवाना होगा। उम्मीद है कि मंगलवार को केजरीवाल का कोरोना टेस्ट होगा। इधर एहतियात के कारण उन्होंने रविवार की दोपहर से सारी मीटिंग कैंसिल कर दी है और खुद को आइसोलेट कर लिया है।
कोरोना के लक्षण में बुखार आना और गले में खराश की शिकायत सबसे पहले लक्षणों में एक है। यही लक्षण केजरीवाल में अभी फिलहाल शुरुआती तौर पर दिख रहे हैं। हालांकि, बीमारी के लक्षण के बाद खुद उन्होंने अपने को आइसोलेट कर लिया है। अब कोरोना टेस्ट के बाद ही पता चल पाएगा कि यह सामान्य बुखार है या कोरोना से जुड़ा है। फिलहाल डॉक्टरों की एक टीम उनके स्वास्थ्य का ख्याल रख रही है।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मंगलवार को एक महत्वपूर्ण बैठक करने जा रहा है, जिसमें वह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि क्या दिल्ली में कोरोना महामारी सामुदायिक फैलाव तो नहीं शुरू हो गया है। अगर इस बाबत मीटिंग होती है तो इसमें एलजी, सीएम, मुख्य सचिव और पुलिस कमिश्नर संग कई अहम लोग होंगे। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा है कि मुख्यमंत्री को कल से थोड़ा बुखार और गले में दर्द है। कल दोपहर से उन्होंने अपने आपको आइसोलेट कर रखा है। डॉक्टर ने सलाह दी है कि मंगलवार को उनका कोरोना टेस्ट होगा। हम सब ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं कि वे सकुशल रहें और जल्दी से स्वस्थ होकर वापस काम पर लौटें।
वहीं आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने अरविंद केजरीवाल की तबीयत पर कहा कि उन्हें सात जून से कुछ परेशानी हो रही है। डॉक्टरों की सलाह पर वे खुद को घर में ही आइसोलेट कर लिए हैं। प्रभु जल्द-से-जल्द उन्हें स्वस्थ करे, यह प्रार्थना है मेरी।


Leave a Reply