निर्भया के दोषियों को 22 को होगी फांसी, डेथ वॉरंट जारी

प्रीतिका बच्चन

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में साल 2012 में हुए निर्भया सामूहिक दुष्कर्म कांड को लेकर मंगलवार को पटियाला हाउस कोर्ट में सुनवाई हुई। अदालत ने डेथ वारंट जारी कर दिया। अब दोषियों को 22 जनवरी को फांसी दी जाएगी।

पटियाला हाउस कोर्ट के जज ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चारों दोषियों से बात की। सुनवाई के दौरान निर्भया की मां और दोषी मुकेश की मां कोर्ट में ही रो पड़ीं। निर्भया मामले में चारों दोषियों अक्षय, मुकेश, विनय और पवन को पहले ही फांसी की सजा दी जा चुकी है, अब सिर्फ डेथ वारंट जारी होने का फैसला आना था। आज मंगलवार को डेथ वारंट जारी हो गया। अब 22 जनवरी की सुबह सात बजे चारों को फांसी पर लटकाया जाएगा।

निर्भया गैंगरेप केस में मंगलवार को पटियाला हाउस कोर्ट में जब सुनवाई चल रही थी तो इस दौरान निर्भया की मां और दोषी मुकेश की मां के बीच बहस हुई। निर्भया की मां ने दोषियों को जल्द फांसी देने की मांग की। इस पर मुकेश की मां ने रोते हुए कहा कि मैं भी मां हूं, मेरी चिंताओं को देखा जाना चाहिए। इस पर निर्भया की मां ने रोते हुए कहा कि मैं भी एक मां हूं। जज ने दोनों को चुप रहने को कहा। दोषी मुकेश की मां ने कोर्ट रूम में रोते हुए कहा कि जज साहब दया करो हम पर, मेरे लाल का क्या होगा। इसके बाद निर्भया की मां भी रोने लगीं। उन्होंने कहा कि मैं भी एक मां हूं। हम डेथ वारंट जारी करने के अदालत के फैसले का इंतजार कर रहे हैं। दोषियों की कोई अपील अब लंबित नहीं है।

admin
About admin 3407 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*