पश्चिमी उत्तर प्रदेश में प्रदर्शन, शामली में पुलिस ने भांजी लाठियां

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता

मेरठनागरिकता संशोधन कानून के विरोध में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गुरुवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कई स्‍थानों पर पुलिस के साथ धक्‍का-मुक्‍की की गई। शामली में धरने को पहुंचे लोगों को लाठियां फटकार कर खदेड़ दिया गया, जबकि बागपत में सपा कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ धक्‍कामुक्‍की हुई। प्रदर्शन को देखते हुए मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, बागपत, बुलंदशहर और शामली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। वरिष्‍ठ अधिकारी खुद सड़क पर उतरकर सुरक्षा का जायजा लेते नजर आए।

बिजनौर में नागरिकता संशोधन कानून को लेकर गुरुवार को सपा का धरना-प्रदर्शन था। सुबह से ही सपा कार्यालय के मुख्यालय पर पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्रित होने शुरू हो गए थे, लेकिन भारी फोर्स ने मौके पर पहुंचकर सपा कार्यालय से जिलाध्यक्ष समेत कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। धामपुर नजीबाबाद समेत कई शहरों से सपा नेताओं को हिरासत में लेकर थाने में बैठा दिया गया है। कलेक्ट्रेट को छावनी में तब्दील किया गया है।

बिजनौर में सपा कार्यालय से बाहर जो भी नेता आ रहा है, उसे हिरासत में  लिया जा रहा है। दो दर्जन से अधिक नेताओं को हिरासत में ले लिया गया है। शामली में नागरिकता संशोधन एक्ट के विरोध में मुस्लिम समुदाय के लोग कलक्ट्रेट पहुँचे। यहां एसडीएम सन्दीप कुमार ने बिना परमिशन धरने के लिए उन्हें इनकार कर दिया। जिसके बाद ज्ञापन देने की मांग करने लगे। कलक्ट्रेट में तैनात पुलिसकर्मियों ने मुस्लिम समुदाय को हटाने का प्रयास किया, लेकिन इस बीच हंगामा होने के चलते कोतवाली व आदर्श मंडी पुलिस ने लठियां फटकार कर मुस्लिम समुदाय को दौड़ा दिया। बाद में 12 लोगों को हिरासत में ले लिया गया। सुरक्षा व्यवस्था के चलते पुलिस फ़ोर्स के साथ पीएससी तैनात कर दी गई है। साथ ही पूरे जनपद में गश्त तेज कर दी गई है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*