पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज पर हमला; आतंकियों समेत 10 लोगों की मौत

कराची। पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज बिल्डिंग पर आतंकी हमले में चार आतंकियों समेत 10 लोगों की मौत हो गई है। समाचार एजेंसी आईएएनएस के अनुसार अफगानिस्तान से बाहर काम करने वाले आतंकवादी समूह बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने हमले की जिम्मेदारी ली है। बीएलए ने कहा है कि उसके माजिद ब्रिगेड ने व्यापारिक सप्ताह के पहले दिन हमले को अंजाम दिया। इसमें एक आत्मघाती हमलावर भी शामिल था। वहीं पीटीआई के अनुसार आतंकियों ने मारे जाने से पहले चार सुरक्षा गार्ड और एक पुलिस अधिकारी को मार दिया है।
आईएएनएस के अनुसार विस्फोटकों और गोला-बारूद से लैस चार आतंकवादी, आईआई चुंदड़ीगर रोड स्थित पीएसई भवन के पार्किंग क्षेत्र में घुसे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आतंकवादियों ने सुरक्षा गार्डों पर ग्रेनेड फेंका और गोलीबारी की। हमलावर टोयोटा कोरोला कार से इमारत के पास पहुंचे, उसे प्रवेश द्वार के पास रोका और ग्रेनेड फेंकने के बाद और गोलीबारी शुरू कर दी। वे स्टॉक एक्सचेंज बिल्डिंग के अंदर घुसने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन वे अपने इस मंसूबे में कामयाब नहीं हुए। बिल्डिंग के अंदर मौजूद लोगों को पिछले दरवाजे से निकाला गया। आतंकियों द्वारा की गई गोलीबारी से इमारत में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। इमारत और आसपास के इलाकों को सील कर दिया गया।
पुलिस सर्जन डॉ. कारार अहमद अब्बासी ने कहा है कि डॉ. रूथ पफौ सिविल अस्पताल कराची में पुलिसकर्मियों सहित पांच शवों और सात घायलों को लाया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर पाकिस्तानी रेंजर्स ने मोर्चा संभाला और चारों आतंकियों को मार गिराया। जानकारी के अनुसार घायलों में से कई लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है।
पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज के अधिकारियों के अनुसार, हमले को इमारत के कंपाउंड में अंजाम दिया गया। उन्होंने पुष्टि की है कि चार आतंकवादियों में से एक अंदर घुसने में सफल रहा था। पाकिस्तान रेंजर्स ने इलाके की घेराबंदी की और हालात को अपने नियंत्रण में ले लिया। क्षेत्र को आतंकवादियों से मुक्त घोषित करने के बाद ऑपरेशन समाप्त हुआ।
सिंध रेंजर्स ने कहा कि आसपास के क्षेत्र में मारे गए लोगों और हथियारों को बाहर निकालने का काम जारी है। हमलावरों के पास से हथियार और हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए हैं। जियो टीवी से बात करते हुए कराची के इंस्पेक्टर-जनरल ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने यह भी कहा कि कि आतंकवादियों ने अत्याधुनिक हथियारों के साथ हमला किया था और उनके पास एक बैग था, जिसमें संभवतः विस्फोटक था। इस बीच, पीएसएक्स ने एक बयान में कहा ‘आज पीएसएक्स कंपाउंड पर एक आतंकी हमला हुआ। प्रबंधन, सुरक्षा बलों की मदद से स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहा है। स्थिति नियंत्रण में होने के बाद और अधिक विस्तृत विवरण जारी किया जाएगा। फिलहाल गोलीबारी बंद है और अतिरिक्त सैन्य तैनात कर दिए गए हैं। सिंध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि यह हमला राष्ट्रीय सुरक्षा और अर्थव्यवस्था पर हमले के समान है। अराजकतत्व वायरस की स्थिति का फायदा उठाना चाहते हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*