नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत तमाम नेताओं व मंत्रियों ने पद्मश्री से सम्मानित सिने कलाकार इरफान खान के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को ट्वीट कर शोक प्रकट करते हुए कहा, ‘इरफान खान का निधन सिनेमा और रंगमंच की दुनिया के लिए एक क्षति है। उन्हें उनके बहुमुखी प्रदर्शन के लिए याद किया जाएगा। मेरी संवेदना उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के साथ हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।’
गृहमंत्री अमित शाह ने इरफान के निधन पर दु:ख प्रकट करते हुए कहा है, ‘इरफान खान के निधन की खबर पाकर वह दु:खी हैं। वह एक बहुमुखी अभिनेता थे, जिनकी कला ने वैश्विक ख्याति और पहचान अर्जित की थी। इरफान हमारे फिल्म उद्योग के लिए एक संपत्ति थे। उनके निधन से राष्ट्र ने एक असाधारण अभिनेता और एक नेकदिल इंसान खो दिया है। उनके परिवार और अनुयायियों के प्रति मेरी संवेदना।’
सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने शोक व्यक्त करते हुए कहा ‘इरफ़ान खान एक बहुमुखी अभिनेता थे। उनके निधन के बारे में सुनकर दु:ख हुआ। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।’ उन्होंने दिवंगत अभिनेता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने इरफान खान को एक बहुमुखी और प्रतिभाशाली अभिनेता के रूप में याद करते हुए कहा कि वह वैश्विक फिल्म और टीवी मंच पर एक लोकप्रिय भारतीय ब्रांड एंबेसडर थे। उन्हें बहुत याद किया जाएगा।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने शोक संदेश में कहा कि इरफान खान की बेमिसाल अदाकारी जैसी दूसरी मिसाल मिलनी मुश्किल है। उनके अभिनय ने भाषाओं, राष्ट्रों और मज़हबों की सीमाओं को तोड़ते हुए अदाकारी का एक ऐसा लहजा बनाया जिसने कला और संवेदना के जरिए पूरी मानवता को एकजुट किया। उन्होंने कहा कि इरफान का अभिनय हमारी थाती है और हम इसे सहेज कर रखेंगे।
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने दिवंगत अभिनेता को याद करते हुए कहा ‘जिन्दगी में किरदार ऐसा निभाओ कि पर्दा गिरने के बाद भी ताली बजती रहे।’ उन्होंने कहा कि निसंदेह अपनी विलक्षण अभिनय क्षमता से फिल्म अभिनेता इरफान खान ने इस कहावत को चरितार्थ किया है। इरफान खान आज हमारे बीच भले ही नहीं रहे लेकिन उनकी बेजोड़ अदागारी अमर रहेगी।
उल्लेखनीय है कि बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता इरफान खान का बुधवार को निधन हो गया। वह 53 साल के थे और उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके कोलन इंफेक्शन के चलते मंगलवार को आईसीयू में भर्ती होने की खबर आई थी।
चार दिन पहले ही इरफान की मां सईदा बेगम का भी देहांत हो गया था। इरफान अपनी मां के अंतिम संस्कार में हिस्सा नहीं ले सके थे। इरफान एक तरह से भारत के पहले इंटरनेटशनल अभिनेता थे। उन्होंने द वॉरियर, नेमसेक, स्लमडॉग मिलियेनेयर जैसी कई विदेशी फिल्मों में अहम भूमिका निभाई थी। वर्ष 2011 में इरफान को भारत सरकार के पद्मश्री से सम्मानित किया था। उनका जन्म सात जनवरी 1967 में राजस्थान के जयपुर में हुआ था।


Leave a Reply