भारत बंद: कृषि बिल के खिलाफ सड़कों और पटरियों पर किसान

  • कांग्रेस नेता प्रियंका वाड्रा ने कहा: भाजपा का कृषि बिल ईस्ट इंडिया कम्पनी राज की याद दिलाता है। हम यह अन्याय नहीं होने देंगे
  • बिहार में तेजस्वी यादव ने निकाली ट्रैक्टर रैली
    नई दिल्ली। किसानों को लेकर मोदी सरकार द्वारा लाए गए बिल पर संग्राम जारी है। भारतीय किसान यूनियन समेत विभिन्न किसान संगठनों ने आज देशभर में चक्का जाम कर रहे हैं तो बिहार में राजद नेता तेजस्वी यादव ने ट्रैक्टर रैली निकालकर बिल का विरोध किया है। विरोध प्रदर्शन करने वालों को देश के 31 संगठनों ने अपना समर्थन दिया है और शामिल हो रहे हैं।
    किसान संगठनों को कांग्रेस, आरजेडी, समाजवादी पार्टी, अकाली दल, आप, टीएमसी समेत कई पार्टियों का साथ भी मिला है। इससे पहले पंजाब में तीन दिवसीय रेल रोको अभियान की गुरुवार से शुरुआत हो गई है। किसान रेलवे ट्रैक पर डटे हुए हैं और बिल को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि किसानों से एमएसपी छीन ली जाएगी। उन्हें कांट्रेक्ट फार्मिंग के जरिए खरबपतियों का गुलाम बनने पर मजबूर किया जाएगा। न दाम मिलेगा और न सम्मान। किसान अपने ही खेत में मजदूर बन जाएगा। भाजपा का कृषि बिल ईस्ट इंडिया कम्पनी राज की याद दिलाता है। हम ये अन्याय नहीं होने देंगे।
    तेजस्वी ने निकाली ट्रैक्टर रैली
    आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कृषि बिल के खिलाफ ट्रैक्टर रैली निकाली है। इस दौरान तेजस्वी ने कहा कि सरकार ने हमारे ‘अन्नदाता’ को ‘निधि दात’ के माध्यम से कठपुतली बना दिया है। कृषि बिल किसान विरोधी है। सरकार ने कहा था कि वे 2022 तक किसानों की आय को दोगुना करेंगे, लेकिन ये बिल उन्हें और गरीब बना देगा। कृषि क्षेत्र का कॉर्पोरेटकरण किया गया है।
    किसानों के समर्थन में दुकानें बंद
    कृषि बिल के खिलाफ सड़क पर उतरे किसानों को स्थानीय लोगों का सहयोग मिल रहा है। पंजाब के संगरूर के बाजार बंद हैं। दुकानदारों का कहना है कि हमने दुकानें खुद अपनी मर्जी से बंद की है, क्योंकि अगर किसान नहीं बचेगा तो हमारे पास कौन आएगा। हम भी मर जाएंगे इसलिए हम किसानों का सहयोग दे रहे हैं। ऐसा पहली बार हुआ है कि पंजाब बंद बुलाने पर इतने बड़े स्तर पर खुद दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद की हो, वरना दिन के समय प्रदर्शनकारी बाजार में जाकर दुकानें बंद करवाते हैं।
    बिहार में जन अधिकार पार्टी का प्रदर्शन
    बिहार के कैमूर में जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन जारी है। कार्यकर्ताओं ने भभुआ रोड रेलवे स्टेशन पर रेलवे ट्रैक को जाम किया। आरपीएफ और जीआरपी के समझाने के बाद कार्यकर्ता रेलवे ट्रैक छोड़ फिर एनएच-2 पर पहुंचे और जाम लगा दिया। कृषि बिल को किसान विरोधी बताते हुए कार्यकर्ता भारत सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।
    मोदी ने शेयर किया नरेंद्र तोमर का इंटरव्यू
    किसानों की ओर से बुलाए गए भारत बंद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का एक वीडियो शेयर किया है। पीएम मोदी ने कहा कि सरकार ने किसानों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयास किए, इसके बाद भी हाल ही में संसद में पारित कृषि विधेयक उनके लिए क्यों जरूरी हो गए थे। इस बारे में कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर ने विस्तार से बताया है। इसे हर किसी को जरूर देखना और सुनना चाहिए।
    दिल्ली-चंडीगढ़ बस सेवा बंद
    भारत बंद के चलते दिल्ली-चंडीगढ़ बस सेवा को बंद कर दिया गया है। किसानों के विरोध के चलते ट्रेन के पहिये भी थमे हैं। किसान मूवमेंट को लेकर अंबाला जिला प्रशासन चौकन्ना है और 5 बटालियन पुलिस को लगाया गया है। साथ ही रेलवे ट्रेक और स्टेशन की सुरक्षा में जीआरपी व आरपीएफ भी चौकस है। जिला प्रशासन ने प्रदर्शन की वीडियोग्राफी कराने की तैयारी की है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*