भ्रष्टाचार मामले में सीबीआई के छापे से उत्तर प्रदेश में हड़कंप

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नई दिल्ली। केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने गुरुवार, 14 जनवरी को भ्रष्टाचार मामले में दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा, गुड़गांव, मेरठ और कानपुर सहित 14 स्थानों पर छापे मारे और सीबीआई के कई अधिकारियों के घर की तलाशी ली। इस कार्रवाई से उत्तर प्रदेश में हड़कंप मचा हुआ है। खासकर गाजियाबाद और नोएडा में दिल्ली के सीबीआई अफसरों के घर सीबीआई की टीम पहुंची तो हर कोई हैरान रह गया। भ्रष्टाचार के आरोप में सीबीआई अधिकारियों ने इन अफसरों के घर छापे मारे।
सूत्रों के अनुसार गाजियाबाद में पूर्व अधिकारी के फ्लैट को चारों तरफ से सीबीआई अधिकारियों ने घेरकर तलाशी ली। इस अधिकारी का नाम आरके ऋषि बताया जा रहा है। वह सीबीआई अकादमी गाजियाबाद में डीएसपी के पद पर तैनात रहा है। उनके ऊपर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। सीबीआई की 12 अधिकारियों की एक टीम कौशांबी स्थित शिवालिक टावर के फ्लैट नंबर 402 में सुबह नौ बजे से पहले पहुंची। उसके बाद छापेमारी की कार्रवाई कर दोपहर करीब डेढ़ बजे टीम निकल गई।
सीबीआई के प्रवक्ता आरके गौड़ के अनुसार केन्द्रीय जांच ब्यूरो के चार अधिकारियों (डीएसपी, इंस्पेक्टर, स्टेनो और निजी व्यक्तियों/अधिवक्ताओं) सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपितों के ठिकानों पर दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा, गुड़गांव, मेरठ और कानपुर सहित 14 स्थानों पर आज तलाशी ली गई। मामले की जांच जारी है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*