महाराष्ट्र में सरकार गठन के लिए आज फिर मिलेंगे कांग्रेस और एनसीपी

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में करीब एक महीने से जारी राजनीतिक हालात में संभवत: आज सुधार आ सकते हैं। महाराष्ट्र में सरकार गठन को लेकर जारी सस्पेंस अब खत्म होने के कगार पर है। आज सुबह करीब 10 बजे कांग्रेस और एनसीपी नेताओं के बीच बैठक होने जा रही है। एनसीपी के नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने कहा है कि इस बैठक के बाद दोपहर में दोनों पार्टियों की एक साझा बैठक भी आयोजित की जाएगी।
कांग्रेस और एनसीपी के नेताओं की शुक्रवार को शिवसेना के नेतृत्व से भी मुलाकात होनी है। इस बैठक के बाद सरकार गठन को लेकर कोई बड़ी घोषणा हो सकती है। चव्हाण ने कहा है कि ‘हमारी बैठक के दौरान चर्चा खत्म हो गई है। हमने कई मुद्दों को सुलझा लिया है। इस बैठक के दौरान हम फोन के जरिए शिवसेना के नेतृत्व से जुड़े हुए थे। इसके आगे अब शुक्रवार को कांग्रेस और एनसीपी बैठक में हम अलग से मिलेंगे, जिसके बाद दोनों पार्टियां दोपहर में एक साझा बैठक भी करेंगी। इस बैठक के बाद हम शाम को मुंबई रवाना होंगे। इसके बाद शनिवार को शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी तीनों पार्टियों की एक साझा बैठक होगी। इस बैठक के खत्म होने के बाद हम घोषणा करेंगे।’
सूत्र बताते हैं कि 22 नवंबर को महाराष्ट्र में नई सरकार बनाने की घोषणा हो सकती है। समाचार एजेंसी आइएएनएस ने सूत्रों के हवाले ये जानकारी दी है। कांग्रेस और एनसीपी के बीच बुधवार को यहां एक सफल’ बैठक के बाद सूत्रों ने कहा कि दोनों दलों के नेता गुरुवार को फिर से राष्ट्रीय राजधानी में मिलेंगे, जिसके बाद वे बातचीत करने के लिए मुंबई के लिए उड़ान भरेंगे। सूत्रों ने कहा कि सरकार बनाने का सौदा 50-50 के फार्मूले पर अंतिम रूप दिया गया है। मुख्यमंत्री का पद दोनों दलों के उम्मीदवारों के बीच ढाई साल तक साझा किए जाने की संभावना है। हालांकि यह तय होना बाकी है कि पहले ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री कौन होगा।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*