मुम्बई (राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो)। महाराष्ट्र में सोमवार को दिनभर चली सियासी उठापटक के बावजूद सरकार गठन का पेंच और उलझ गया है। मंगलवार को सोनिया गांधी और शरद पवार की बातचीत होगी, जिसमें अंतिम फैसला आ सकता है। भाजपा से अलग राह चुनने वाले आदित्य ठाकरे कल शाम को राज्यपाल से मिले, लेकिन बहुमत का जरूरी आंकड़ा (145 विधायकों का समर्थन) पेश नहीं कर सके। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या शिवसेना राकांपा को सरकार बनाने के लिए अपना समर्थन देगी। यदि शिवसेना ऐसा नहीं करती है तो राज्यपाल के पास राष्ट्रपति शासन का विकल्प ही बचेगा।
राज्यपाल ने तीसरी बड़ी पार्टी राकांपा को सरकार बनाने का प्रस्ताव दिया है। राकांपा प्रवक्ता नवाब मलिक ने बताया कि राज्यपाल के प्रस्ताव पर उनकी पार्टी कांग्रेस से बातचीत के बाद ही फैसला करेगी। महाराष्ट्र राकांपा अध्यक्ष जयंत पाटिल ने कहा कि राकांपा मंगलवार शाम 8.30 बजे तक राज्यपाल से मिलकर उन्हें अपने फैसले से अवगत करा देगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल, महासचिव और प्रदेश प्रभारी मल्लिकार्जुन खडग़े और केसी वेणुगोपाल मंगलवार को मुंबई में एनसीपी प्रमुख शरद पवार से मिलेंगे। इनकी शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से भी मुलाकात हो सकती है।
शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कल सोनिया गांधी और शरद पवार से समर्थन मांगा। यही नहीं उन्होंने खुद एनसीपी प्रमुख शरद पवार और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से बात की। वह पवार से मिलने के लिए एक पंच सितारा होटल तक गए। इस बीच पवार ने कहा कि उद्धव ने अभी खुद ही जवाब नहीं दिया है फिर हम आगे कैसे बढ़ सकते हैं। देर शाम राज्यपाल से मिलने के बाद आदित्य ठाकरे बोले कि हमने राज्यपाल से और वक्त मांगा था। वहीं, राज्यपाल ने बयान जारी कर कह दिया कि शिवसेना समर्थन पत्र जमा ही नहीं कर सकी।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को दो बार पार्टी नेताओं के साथ बैठक की। देर शाम खबर आई कांग्रेस शिवसेना को बाहर से समर्थन दे सकती है लेकिन महाराष्ट्र प्रभारी मल्लिकार्जुन खडग़े ने साफ कर दिया कि एनसीपी के साथ चर्चा बाकी है, इसलिए फैसला नहीं हो पाया है। जल्दबाजी में केंद्र में भारी उद्योग मंत्री एवं शिवसेना सांसद अरविंद सावंत ने सोमवार को एनडीए गठबंधन सरकार से इस्तीफा दे दिया। कुल मिलाकर शिवसेना बैकफुट पर है। उसके सरकार बनाने का सपना टूटता दिख रहा है, वहीं भाजपा से भी उसकी राहें अलग हो गई हैं।


Leave a Reply