लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रकाश पर्व, कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली की प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके लिए मंगलकामना की है। सोमवार को उन्होंने कहा कि अद्भुत समाज सुधारक, सिख पंथ के संस्थापक, भारत की समृद्ध संत परम्परा के अद्वितीय प्रतीक श्रद्धेय श्री गुरु नानक देव जी के 551वें प्रकाश पर्व पर समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। आपकी शिक्षाएं हमें प्राणी मात्र के प्रति प्रेम, सेवा भाव एवं सद्भावना रखने हेतु प्रेरित करती हैं। साथ ही मुख्यमंत्री ने आस्था के महापर्व कार्तिक पूर्णिमा की समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देवाधिदेव महादेव की कृपा से सभी के जीवन में आरोग्यता, समृद्धि व संतोष का वास हो। मां गंगा की पावन अनुकंपा से समाज में शांति एवं सौहार्द की स्थापना हो। धर्म की विजय व अधर्म का नाश हो। उन्होंने कहा कि मोक्ष की नगरी में देवताओं का महापर्व ‘देव दीपावली’ सभी देशवासियों के मन को सद्भावना, समन्वय एवं उत्साह के आलोक से आलोकित करे। बाबा विश्वनाथ की कृपा सभी पर बनी रहे।


Leave a Reply