राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
मेरठ। आपको यकीन नहीं आएगा कि गुड़ की कीमत पांच हजार रुपये किलो हो सकती है और गुड़ भी 57 प्रकार का हो सकता है। लेकिन एक किसान ने अपनी सोच से यह साकार कर दिखाया है। मेरठ के सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय में लगी प्रदर्शनी में आया सहारनपुर का एक किसान आजकल चर्चा का विषय बना हुआ है। वजह है उसका गुड़। इस किसान ने गुड़ से अपनी आय दोगुनी, तीन गुनी नहीं बल्कि कई गुना बढ़ा ली है।
मेरठ के सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय में लगी प्रदर्शनी में किसान संजय सैनी ने 57 तरह के गुड़ सहित पांच हजार रुपये किलो वाले गुड़ का स्टॉल लगाया है। सहारनपुर के रहने वाले संजय सैनी का कहना है कि गुड़ हमारी सेहत दुरुस्त रखता है। अगर हम मेथी का गुड़ इस्तेमाल करते हैं तो कभी आर्थेराइटिस नहीं होगा। अगर हम सौंफ धनिया आजवाइन का गुड़ दोपहर में इस्तेमाल करते हैं तो कभी पित्त की बीमारी नहीं होगी। शाम को अगर लौंग, जावित्री, सोंठ और काली मिर्च का गुड़ इस्तेमाल करते हैं तो कफ नहीं बनेगा।
किसान संजय सैनी ने सुगंधा स्वर्ण भस्म वाला गुड़ भी तैयार कर दिया है। स्वर्ण भस्म वाले गुड़ की कीमत पांच हजार रुपये प्रति किलो है। हींग और जड़ी बूटी वाला गुड़ भी इस किसान ने तैयार किया है। यही नहीं ड्राई फ्रूट वाला गुड़ भी तैयार किया है जो हाथोंहाथ बिक रहा है। किसान के पास विभिन्न राज्यों से गुड़ के ऑर्डर आ रहे हैं। संजय सैनी का कहना है कि अब तो उनके गुड़ की डिमांड लोग फंक्शन में भी करने लगे हैं। इस गुड़ को जिसने भी खाया वो ‘वाह’ कह उठा।
प्रधानमंत्री मोदी के सपने को करना है साकार
सजय सैनी से किसान आंदोलन के बारे में पूछा तो उनका कहना था, साहब, हमें इतना वक्त नहीं है कि हम जाकर नारेबाजी करें। हमें तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपने को साकार करना है। अपनी आय दोगुनी कर उन्हें दिखाना है। वाकई किसान संजय सैनी ने अपनी अच्छी सोच से एक मिसाल कायम की है। हमें इनसे सीख लेनी चाहिए।


Leave a Reply