यूपी: संतकबीरनगर में एक ही परिवार के 19 सदस्य कोरोना पॉजिटिव, पूरा इलाका सील

प्रीतिका बच्चन
संतकबीरनगर। देवबंद से लौटे 23 वर्षीय एक छात्र का पूरा परिवार कोरोना पॉजिटिव मिला है। संक्रमित छात्र के परिवार के 19 सदस्यों के सैंपल जांच के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजे गए थे। शुक्रवार की आधी रात के बाद आई रिपोर्ट में 19 सदस्य संक्रमित पाए गए। इस सूचना के बाद जिला प्रशासन अलर्ट है। पूरे नगर पंचायत मगहर क्षेत्र को हॉटस्पॉट घोषित करते हुए सील कर दिया गया है। वहीं सभी संक्रमितों को अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है।
दरअसल, 27 मार्च को बड़ी संख्या में छात्र देवबंद से संतकबीरनगर आए थे। उनमें से 25 छात्रों के नमूने जांच के लिए मंगलवार को लिए गए थे। मगहर के शेरपुर रेहरवा निवासी 23 वर्षीय एक युवक कोरोना संक्रमित पाया गया। इसके बाद संक्रमित छात्र के परिवार के 29 सदस्‍यों के नमूने गुरुवार को गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजा गया। शुक्रवार आधी रात के बाद आई जांच रिपोर्ट से पता चला कि 19 सदस्य संक्रमित हैं। इतनी बड़ी संख्या में मिले कोरोना पॉजिटिव मरीजों के बाद संतकबीरनगर प्रशासन और स्‍वास्‍थ्‍य विभाग में हड़कंप मच गया है। पूरे इलाके को सील कर दिया गया है।
उत्तर प्रदेश में अबतक 1604 मामले, 24 लोगों की कोरोना से मौत
प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया है कि प्रदेश में अबतक 1604 मामले सामने आए हैं। इनमें 1374 एक्टिव केस हैं। उपचार के बाद 1604 में से 206 मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो गए हैं और उन्हें घर भेज दिया गया है। हालांकि कोरोना के कारण प्रदेश में 24 लोगों की मौत हुई है। प्रदेश के 57 जनपद कोरोना से प्रभावित हुए हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*