सीएए के विरोध की आड़ में देश को तोड़ने के नारे लगाने वालों पर हो कड़ी कार्रवाई : आरके सिन्हा

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो

नयी दिल्ली। राज्यसभा में भाजपा के सदस्य आरके सिन्हा ने नागरिकता संशोधित कानून (सीएए) का विरोध करने की आड़ में कथित तौर पर देश को तोड़ने की बात करने वालों और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से अराजकता पैदा करने के प्रयास करने वालों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। सीएए का मुद्दा उठाते हुए उच्च सदन में शून्यकाल के दौरान सिन्हा ने कहा, ‘‘संसद के दोनों सदनों में सीएए संबंधी विधेयक को बहुमत से पारित किया गया और कानून बनने के बाद इसे लागू किया गया। कई जगहों पर इसका विरोध किया गया।’’

सिन्हा ने कहा, ‘‘विरोध पर कोई आपत्ति नहीं है क्योंकि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने का अधिकार है और ऐसे विरोध का स्वागत भी है। लेकिन देखने को मिला कि विरोध की आड़ में देश को तोड़ने के नारे लगाए गए और राष्ट्र विरोधी गतिविधियां हुईं। ऐसे हालात पैदा किए गए कि अराजकता की स्थिति बन जाए। यह चिंताजनक है। ऐसा कदापि नहीं होना चाहिए।’’ 

सिन्हा ने राजनीतिक दलों से मिल-बैठकर बातचीत करने एवं समाधान निकालने की अपील करते हुए कहा कि देश को तोड़ने की बात करने वालों और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से अराजकता पैदा करने के प्रयास करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*