नई दिल्ली। केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के 15 अधिकारियों को ‘जांच में उत्कृष्टता के लिए केंद्रीय गृह मंत्री के पदक’ से सम्मानित किया जाएगा। अधिकारियों में सीबीआई के एसपी चेपस कल्यान पाकेरला, एडिशनल एसपी सुभाष रामरूप सिंह, डीएसपी मुकेश शर्मा और राजन कुमार झा, इंस्पेक्टर परवेज आलम, राकेश रंजन, श्रीमती विजया वैष्णवी, प्रशांत कांडपाल, विभा कुमारी, परवेन्द्र कुमार माथुर, दुलीचंद यादव, श्रीमती के. विन्दु, आशीष आनंद, श्रीमती ज्योर्तिमयी माझी और इंस्पेक्टर शिवकुमार झा शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2018 में केंद्रीय गृह मंत्री रहे राजनाथ सिंह ने पांच ‘पुलिस पदक’ शुरू किए थे। ये पदक पुलिस सेवा में पेशेवर रुख तथा उत्कृष्टता को बढ़ावा देने एवं ऐसे सुरक्षाबलों, जो तनावपूर्ण स्थितियों तथा दुर्गम क्षेत्रों में अच्छा कार्य करते हैं, उनको सम्मानित करने के लिए शुरू किए गए हैं और हर वर्ष दिए जाते हैं। इन पदकों के नाम हैं- केंद्रीय गृह मंत्री विशेष संचालन पदक, पुलिस आंतरिक सुरक्षा सेवा पदक, असाधारण कुशलता पदक, उत्कृष्ट एवं अति उत्कृष्ट सेवा पदक और जांच में उत्कृष्टता के लिए केंद्रीय गृह मंत्री का पदक। इस वर्ष ‘जांच में उत्कृष्टता के लिए केंद्रीय गृह मंत्री का पदक’ प्राप्त करने वाले कर्मियों में एसपी से लेकर इंस्पेक्टर तक सीबीआई के 15 अधिकारी शामिल हैं।


Leave a Reply