सुशांत के पैसे हड़पना चाहती थी रिया! बिहार पुलिस का सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा

नई दिल्ली। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मामले में एक नया खुलास हुआ है। सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती उन्हें अपने घर ले गई थीं और उन्हें दवाईयों का ओवरडोज दे रही थीं। यह आरोप बिहार पुलिस ने रिया चक्रवर्ती पर लगाया है और इस संबंध में बिहार सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में एक हलफनामा दाखिल कि‍या है। हलफनामे में रिया और उनके परिवार पर आरोप लगाया गया है कि ये सभी सुशांत के जीवन में पैसों के लालच से आए थे। बिहार पुलिस ने यह भी कहा कि बाद में रिया और उनके परिवार ने सुशांत की मानसिक बीमारी की झूठी तस्वीर तैयार कर दी थी।
फिलहाल, गुरुवार 06 अगस्त को अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में सीबीआई ने 6 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। इसमें रिया चक्रवर्ती, उनके पिता इंद्रजीत, मां संध्या, भाई सोविक, मैनेजर सैमुअल मिरांडा, श्रुति मोदी व एक अन्य के नाम शामिल हैं। सीबीआई ने सुशांत आत्महत्या मामले की जांच के लिए विशेष पुलिस बल गठित किया है, जिसका नेतृत्व गुजरात कैडर के आईपीएस अधिकारी सीबीआई के संयुक्त निदेशक मनोज शशिधर करेंगे।
सीबीआई प्रवक्ता आरके गौड़ ने बताया है कि 14 जून को अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मुंबई स्थित अपने फ्लैट में मृत मिले थे। इस मामले में 25 जुलाई को सुशांत के पिता केके सिंह ने पटना (बिहार) के राजीव नगर थाना में बेटे की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती सहित छह लोगों के खिलाफ धन उगाही, ब्‍लैकमेल, प्रताड़ना व आत्महत्या के लिए उकसाने जैसे गंभीर आरोपों में एफआईआर दर्ज कराई है। मामला दर्ज होने के बाद पटना पुलिस की एसआईटी (चार सदस्यीय जांच टीम) 27 जुलाई को मुंबई पहुंची। बिहार पुलिस का आरोप है कि मुंबई पुलिस ने कोई सहयोग नहीं किया। इसके बावजूद बिहार एसआईटी ने जो अब तक की जांच-पड़ताल की है, उसकी रिपेार्ट सीबीआई को जल्द ही मिल जाएगी। हम पटना पुलिस के संपर्क में हैं।
उल्लेखनीय है कि एसआईटी का नेतृत्‍व कर रहे पटना के एसपी सिटी विनय तिवारी 2 अगस्त को मुंबई पहुंचे तो उन्‍हें एयरपोर्ट से निकलते ही बीएमसी (बृहन्मुंबई नगर निगम) ने कोरोना संकट का हवाला देकर क्वारंटाइन कर दिया। इसके पहले मुख्य आरोपी रिया चक्रवर्ती ने पटना की एफआईआर मुंबई ट्रांसफर करने को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर कर दी, जिसका सुशांत के पिता व बिहार सरकार ने कोर्ट में विरोध किया। महाराष्‍ट्र सरकार रिया के पक्ष में कोर्ट में है। इससे मुंबई पुलिस शक के दायरे में आ गई है।
सुशांत सिंह राजपूत की मौत से पहले 8 जून को मुंबई के मलाड में उनकी मैनेजर दिशा सालियान की भी 14वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी। इस मामले में वकील विनीत ढांडा ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर कर दिशा सालियान की मौत की जांच भी सीबीआई से कराने की मांग की। ढांडा का दावा है कि सुशांत और दिशा के केसों का आपस में संबंध है। उन्होंने मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए कहा है कि दिशा की केस फाइल गायब है या डिलीट कर दी गई है। ढांडा ने सुप्रीम कोर्ट से गुजारिश की है कि इस केस की रिपोर्ट मुंबई पुलिस से मांगी जाए। अगर जांच ठीक न लगे तो इस केस की विवेचना भी सीबीआई को सौंप दी जाए।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*