हिसार। बरवाला रोड स्थित बाल सुधार गृह से सोमवार की शाम 17 किशोर कैदी फरार हो गए। इनमें से 8 नाबालिग कैदी हत्या के आरोपी हैं। किशोर कैदियों को शाम के भोजन के लिए बाहर निकाला गया था, जो पहले से ही हमले की फिराक में तैयार थे। किशोर कैदियों ने जेल सुपरिटेंडेंट समेत तीन सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर दिया। कैदियों ने जेल वार्डरों से चाबी छीनी और मेन गेट का ताला खोलकर भाग निकले। घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार हिसार के सुधार गृह में 97 बंदी हैं। सोमवार की शाम जो किशोर कैदी फरार हुए हैं, उनमें ज्यादातर रोहतक, झज्जर, और हिसार के रहने वाले हैं। ये सभी हत्या, चोरी-डकैती व मारपीट जैसे मामले में सजा काट रहे थे। जेल से निकलकर सभी कैदी हरियाणा भूमि सुधार एवं विकास निगम (एचएलआरडीसी) के जंगलों की तरफ भाग निकले। किशोर कैदियों के भागने की सूचना मिलते ही हिसार पुलिस तुरंत पूरे जिले व साथ लगते जिलों में सूचना भेज दी। 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी इन 17 कैदियों की तलाश में सरगर्मी से लगे हैं।


Leave a Reply