होमगार्ड घोटाले से जुड़ी फाइल खाक, मुख्यमंत्री योगी ने दिए जांच के आदेश

लखनऊ ब्यूरो प्रमुख
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर में होमगार्ड की सैलरी और तैनाती से जुड़े घोटाले की फाइल आग में जलकर खाक हो गई। इस पूरे मामले पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सख्त हो गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आग लगने की घटना की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। योगी ने जिलाधिकारी और एसएसपी को बुधवार की शाम तक कार्रवाई कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।
बहरहाल, मामले में सूरजपुर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सूत्रों की मानें तो जिस बक्से में आग लगी, उसमें 2014 से अब तक विभिन्न सरकारी विभागों में प्रतिनियुक्त किए गए होमगार्ड के मास्टर रोल रखे थे। वे सभी जल गए हैं। एक अधिकारी के अनुसार इस घटना की जांच के लिए नगर पुलिस अधीक्षक (एसपी सिटी) के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई है।
उल्लेखनीय है कि जिले में होमगार्ड की ड्यूटी लगाने को लेकर करोड़ों का घोटाला सामने आया है। इस मामले में सूरजपुर थाने में मुकदमा दर्ज है और पूरे प्रकरण की जांच गौतमबुद्ध नगर की अपराध शखा कर रही है। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने कहा, ”यह मामला गंभीर है तथा इसकी जांच के लिए गुजरात से फॉरेंसिक टीम बुलाई जाएगी।”
उधर स्थानीय पुलिस के अनुसार ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित होमगार्ड कार्यालय में आग लगने के मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। तीनों संदिग्ध होमगार्ड हैं। पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है। इस मामले में इंस्पेक्टर सूरजपुर जितेंद्र सिंह की तरफ से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। दरअसल फर्जी मस्टररोल तैयार कर गौतमबुद्धनगर में होमगार्डों के वेतन में हुए लाखों के घोटाले की जांच के बीच सूरजपुर स्थित जिला होमगार्ड कार्यालय के एक बक्से में सोमवार रात आग लग गई। आग में उस बक्से में रखे सभी कागजात जलकर खाक हो गए।
एसएसपी वैभव कृष्ण ने कहा कि सोमवार रात में आग केवल एक बक्से में ही लगी है। 2014 के बाद के मस्टर रोल उस बक्से में रखने की बात सामने आ रही है और वही जले हैं। मंगलवार सुबह विभाग की तरफ से पुलिस अधिकारियों को आग की जानकारी दी गई। आग कैसे लगी या लगाई गई, इस पूरे मामले की जांच की जा रही है। उधर मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने कहा कि मंगलवार सुबह के समय ही आग की जानकारी मिली है। आग कैसे लगी इसकी जानकारी नहीं है।
उल्लेखनीय है कि एसएसपी वैभव कृष्ण से जुलाई माह में एक होमगार्ड ने फर्जीवाड़ा कर होमगार्डो के डयूटी का फर्जी मस्टररोल तैयार कर भुगतान की शिकायत की थी। एसएसपी के निर्देश पर एसपी सिटी विनीत जायसवाल ने प्राथमिक जांच शुरू की। केवल मई व जून माह की शहर की सात कोतवाली की हुई जांच में ही बड़े स्तर पर डयूटी के मस्टररोल में गड़बडिय़ां मिली थी, सात लाख से अधिक फर्जी भुगतान पकड़ा गया। फर्जी मस्टररोल तैयार कर हुए भुगतान में करीब 50 फीसद से अधिक फर्जी डयूटी पकड़ी गई थी, जबकि कोतवाली में काम करने वाले होमगार्ड की फर्जी मस्टर रोल बनाने में फर्जी मोहरों के इस्तेमाल की बातें सामने आई थीं। इसके बाद एसएसपी ने इस प्रकरण की शिकायत शासन स्तर पर की थी। फर्जीवाड़े की जांच के लिए शासन स्तर से एक कमेटी गठित की गई थी और उस कमेटी ने भी जांच किया। इस प्रकरण में कोतवाली सूरजपुर में 13 नवंबर को धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में एफआइआर दर्ज की गई थी। इसके बाद से ही पुलिस जांच कर रही है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*