गाजियाबाद के एक मंच पर 131 रचनाकार, ‘तवज्जो’ का लोकार्पण

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। हिंदी भवन में साहित्य प्रोत्साहन समिति की तरफ से आयोजित काव्य उत्सव में 131 रचनाकारों ने एक मंच से काव्य पाठ कर इतिहास बना दिया। गाजियाबाद में ऐसा आयोजन पहली बार हुआ। अवसर था शिक्षाविद एवं भाजपा नेता पृथ्वी सिंह कसाना का जन्मोत्सव। विश्व प्रसिद्ध शायर विजेंद्र सिंह परवाज के शेरो पर खूब दाद मिली-
ये जिंदगी भी कैसे बहाने में कट गई
जैसा नहीं हूं वैसा दिखाने में कट गई…।
वरिष्ठ गीतकार डॉ रमा सिंह कार्यक्रम ने काव्य उत्सव की अध्यक्षता की, जबकि विश्व प्रसिद्ध शायर विजेंद्र सिंह परवाज़ और विधायक संजीव शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में सुप्रसिद्ध कवयित्री अंजू जैन, कवि व स्तम्भकार रवि अरोड़ा और कवि डॉक्टर चेतन आनंद ने शिरकत की। मंच संचालन शायर राज कौशिक ने किया।
कार्यक्रम में गाजियाबाद और आसपास के क्षेत्रों के 89 रचनाकारों की एक-एक रचना के साझा काव्य संग्रह “तवज्जो” का लोकार्पण भी किया गया। सभी रचनाकारों ने अपनी एक-एक सर्वश्रेष्ठ रचना का पाठ किया। काव्य पाठ करने वालों में पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री वरिष्ठ भाजपा नेता बलराज शर्मा भी शामिल रहे।
विधायक संजीव शर्मा, पूर्व मंत्री बालेश्वर त्यागी, पिलखुवा नगर पालिका के अध्यक्ष विभु बंसल और वरिष्ठ पत्रकार सलामत मियां ने शानदार आयोजन के लिए सभी रचनाकारों को बधाई दी। साहित्य प्रोत्साहन समिति की तरफ से आशु बिंदल, सीपी सिंह तालियान, अनिल सांवरिया, अंकुर अग्रवाल, संदीप सिंघल, बिंदेश दीक्षित बॉबी, रवि कुमार आदि ने अतिथियों का स्वागत किया। केके दीक्षित, अनिमेष शर्मा, ऋचा सूद, अरुण साहिबाबादी, आरपी शर्मा, नरेश मालिक, डॉ अशोक मैत्रेय, गार्गी कौशिक, अल्पना सुहासिनी आदि मंचासीन रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*