135 करोड़ की बैंक धोखाधड़ी के मामले में सीबीआई का 19 ठिकानों पर छापा

नई दिल्ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने केनरा बैंक से 135 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में फरीदाबाद (हरियाणा) की एक कंपनी और उसके छह निदेशकों के खिलाफ केस दर्ज कर देश में 19 स्थानों पर छापे मारे हैं। इसके अलावा सीबीआई ने बैंक के कुछेक अधिकारियों पर भी शिकंजा कसा है।
सीबीआई के प्रवक्ता आरके गौड़ के अनुसार, केनरा बैंक ने शिकायत में आरोप लगाया है कि फरीदाबाद के एसआरएस ग्रुप ने बैंक के साथ 135.15 करोड़ की धोखाधड़ी की है। आरोपितों में एसआरएस ग्रुप ऑफ कंपनीज और उसके डायरेक्टर एसआरएस रियल इंफ्रास्ट्रक्चर, एसआरएस रियल एस्टेट लिमिटेड और डायरेक्टर अनिल जिंदल, राजेश सिंगला, नानक चंद तायल, बिशन बंसल, विनोद जिंदल और जितेंद्र कुमार शामिल हैं। सीबीआई ने इन सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर दिल्ली, फरीदाबाद और बैंगलुरू में 19 जगहों पर छापेमारी की है। धोखाधड़ी में अज्ञात बैंक अधिकारी भी शामिल हैं। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

दरअसल, एसआरएस ग्रुप और उसके डायरेक्टरों ने केनरा बैंक से 135.15 करोड़ का लोन लिया था लेकिन उसे कहीं और डायवर्ट कर दिया। बैंक ने जब ऑडिट करवाया और छानबीन की तो पता चला। एसआरएस ग्रुप ऑफ कंपनीज के बिल्डर ने बैंकों से धोखाधड़ी कर बेचे गए फ्लैट को दूसरे बैंकों में चल रहे खाते से ऑपरेट किए, ताकि कैनरा बैंक को पता न चले। केनरा बैंक के प्रार्थना पत्र के आधार पर फरीदाबाद पुलिस ने मार्च, 2018 में एसआरएस कंपनी और इसके डायरेक्टर अनिल जिंदल, नानक चंद तायल, बिशन बंसल और बाकी आरोपितों के खिलाफ कुल 22 मामले दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू की। साथ ही फ्लैट बुक करने वाले और जिन्होनें अच्छे मुनाफे के लालच में कंपनी में निवेश किया था, उन्होंने भी आरोप लगाया कि कंपनी और इसके डायरेक्टरों ने लोगों के साथ धोखाधड़ी की है।

फरीदाबाद पुलिस ने डायरेक्टर अनिल जिंदल और अन्यआरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद ईडी ने भी कंपनी और डायरेक्टर के खिलाफ मनी लॉड्रिंग का मामला दर्ज किया था और कंपनी के कर्मिशयल प्रोजेक्ट, रिहायशी प्रोजेक्ट, स्कूल, सिनेमा घर समेत बैंकों में जमा कैश (कुल करीब 2500 करोड़ की संपति) को अटैच कर लिया था। अब गुरुवार को सीबीआई ने इस मामले में छापेमारी की है। दिल्ली, फरीदाबाद और बेंगलुरु में की गई छापामार कार्रवाई में महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं। सीबीआई की जांच-पड़ताल जारी है।

admin
About admin 3407 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*